‘सदन में रहें सक्रिय, दफ्तरों में कराएं SIR’, भाजपा विधायकों को सीएम योगी का सख्त निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में विधायकों को दोहरी जिम्मेदारी सौंपी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विधायक न केवल बजट सत्र में पूरी तैयारी के साथ मौजूद रहें, बल्कि अपने क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान पर भी पूरा फोकस रखें।
एसआईआर में ढिलाई बर्दाश्त नहीं: मुख्यमंत्री
लोकभवन में आयोजित बैठक में सीएम योगी ने कहा कि आगामी चुनाव के लिहाज से एसआईआर अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विधायकों को अपने क्षेत्रीय कार्यालय खुले रखने के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाना सुनिश्चित करें। मृतकों और क्षेत्र छोड़ चुके लोगों के नाम हटाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। एसआईआर के कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई भाजपा के चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।
विपक्ष की घेरेबंदी के लिए ‘तथ्यों’ का हथियार
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विधायकों से कहा कि विपक्ष सदन में भ्रम फैलाने की कोशिश करेगा, जिसका जवाब तथ्यों और डेटा के साथ दिया जाना चाहिए। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विधायकों से राज्यपाल के अभिभाषण और आगामी बजट पर सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
11 फरवरी को पेश होगा बजट
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने जानकारी दी कि 11 फरवरी को सरकार बजट पेश करेगी। उन्होंने विधायकों से बजट का गहन अध्ययन करने को कहा ताकि वे सदन में विकास योजनाओं का प्रभावी ढंग से बचाव कर सकें।
बैठक की कुछ अन्य खास बातें
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित ‘समर्पण दिवस’ में सभी विधायकों की अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश दिए। सत्र के दौरान विधायकों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोकने के विवाद में चर्चित विधायक ब्रजभूषण राजपूत का बैठक में न पहुंचना चर्चा का विषय बना रहा।
Also Read: बजट सत्र में सरकार को घेरेंगे समाजवादी पार्टी के विधायक: अखिलेश यादव

