Lucknow News : KGMU में बेड नहीं मिला, निजी अस्पताल में लापरवाही से गई मासूम की जान

Sandesh Wahak Digital Desk : लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के अभाव में तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं था और अस्पताल मैनेजर फोन पर डॉक्टर से दवा पूछकर इलाज करता रहा। यह लापरवाही बच्चे की जान ले गई। घटना लखनऊ के पुरनिया बंधा रोड स्थित एक निजी अस्पताल की है, जहां मंगलवार सुबह सीतापुर से लाया गया तीन साल का बच्चा हर्षित जिंदगी की जंग हार गया।

परिजनों ने बताया कि हर्षित की तबीयत सोमवार रात अचानक बिगड़ गई। सीतापुर के मछरेहटा निवासी इंद्र प्रकाश अपने बेटे को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। परिवार बच्चे को रात में ही ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी वहां बेड नहीं मिला। इस बीच एक दलाल ने ‘बेहतर इलाज’ का भरोसा देकर उन्हें पास के निजी अस्पताल भेज दिया।

चाचा का आरोप – पूरी रात डॉक्टर नहीं 

बच्चे के चाचा सुमित ने बताया, “हम पूरी रात डॉक्टर का इंतजार करते रहे। कोई डॉक्टर आया ही नहीं। अस्पताल का मैनेजर और स्टाफ डॉक्टर से फोन पर दवा पूछकर इलाज करता रहा। जब तक सुबह छह बजे हमें बताया गया कि बच्चा नहीं रहा।” इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। परिजनों ने सीएमओ से शिकायत करने की बात कही।

CMO ने मांगा इलाज का रिकॉर्ड

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. एनवी सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। “अस्पताल से इलाज से जुड़ी वीडियो फुटेज और रिकॉर्ड मांगा गया है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।”

अस्पताल प्रशासन का इनकार

वहीं अस्पताल संचालक डॉ. हारून ने परिजनों के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा, “इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई। रात में डॉक्टर ने बच्चे को देखा था और परिजनों को उसे हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।”

एक मासूम की मौत ने फिर खड़े किए सवाल

इस पूरे मामले ने सरकारी और निजी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर सरकारी अस्पताल में बेड नहीं मिला, दूसरी ओर निजी अस्पताल में इलाज के नाम पर लापरवाही सामने आई। अब देखना होगा कि इस मामले में जांच के बाद क्या सच्चाई सामने आती है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।

Also Read : चांदी बन रही है निवेशकों की नई पसंद, सोने को दे रही है…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.