चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बेरोजगार युवाओं को बड़ा तोहफा, अब हर माह मिलेंगे 1000 रुपये
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने युवाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की है। अब राज्य सरकार 20 से 25 साल की उम्र के उन सभी बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को ₹1000 का मासिक भत्ता देगी, जिनके पास नौकरी या स्वरोजगार नहीं है। यह भत्ता अधिकतम दो साल तक दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस नई योजना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा की। उन्होंने कहा कि 2005 में सरकार बनने के बाद से ही युवाओं को रोजगार देना उनकी प्राथमिकता रही है। अगले पांच सालों में उनका लक्ष्य एक करोड़ युवाओं को नौकरी या रोजगार देना है।
क्यों शुरू की गई यह योजना?
नीतीश कुमार का मानना है कि जब तक युवा अपनी पढ़ाई या प्रशिक्षण के दौरान आत्मनिर्भर नहीं होंगे, तब तक वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अच्छे से नहीं कर पाएंगे। इसी सोच के साथ, सरकार ने पहले से चल रही ‘मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना’ का विस्तार किया है।
पहले यह योजना केवल इंटर पास बेरोजगार युवाओं के लिए थी, लेकिन अब इसका लाभ कला, विज्ञान और वाणिज्य में स्नातक (ग्रेजुएट) पास कर चुके बेरोजगार युवक-युवतियों को भी मिलेगा। सरकार का कहना है कि इस भत्ते से युवा अपनी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और कौशल प्रशिक्षण में आर्थिक मदद पा सकेंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

