रिटायर्ड क्लर्क के घर से मिली 30 करोड़ की बेनामी संपत्ति, 24 मकान और 40 एकड़ जमीन का खुलासा
Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक में लोकायुक्त की छापेमारी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कर्नाटक ग्रामीण अवसंरचना विकास लिमिटेड (केआरआईडीएल) के एक पूर्व क्लर्क के घर से करीब 30 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति मिली है। यह छापा उसके मासिक वेतन को देखते हुए चौंकाने वाला है, क्योंकि क्लर्क की सैलरी सिर्फ 15,000 रुपये थी।
छापेमारी में क्या-क्या मिला
लोकायुक्त की टीम ने कोप्पल जिले में पूर्व क्लर्क कलाकप्पा निदागुंडी के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान उन्हें जो मिला, वह किसी को भी हैरान कर सकता है। 24 मकान, 4 प्लॉट, 40 एकड़ कृषि भूमि, 350 ग्राम सोना, डेढ़ किलो चांदी के गहने, दो कारें और दो बाइकें मिली हैं। यह सभी संपत्तियां न सिर्फ क्लर्क के नाम पर थीं, बल्कि उसकी पत्नी और भाई के नाम पर भी दर्ज थीं।
72 करोड़ के घोटाले का भी आरोप
अधिकारियों ने बताया कि पूर्व क्लर्क निदागुंडी और एक पूर्व इंजीनियर जेड.एम. चिंचोलकर पर 96 सरकारी परियोजनाओं में फर्जी बिल और दस्तावेज़ बनाकर 72 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी का आरोप है। ये सभी परियोजनाएं कभी पूरी नहीं हुईं।
लोकायुक्त को शिकायत मिलने के बाद अदालत से आदेश लेकर यह छापेमारी की गई, जिससे यह बड़ा घोटाला उजागर हुआ। कोप्पल विधायक के. राघवेंद्र हितनाल ने कहा है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 बाइक बरामद, 3 गिरफ्तार

