मेसी इवेंट विवाद के बीच अरूप बिस्वास ने छोड़ा मंत्री पद, सीएम ममता बनर्जी को दिया इस्तीफा
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अर्जेंटीना के फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेसी के GOAT इंडिया टूर 2025 के दौरान कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में मची भारी अव्यवस्था और हंगामे के बाद राज्य के खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
इस्तीफे का कारण और सीएम ममता की नाराज़गी
तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता अरूप बिस्वास ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हाथ से लिखे एक नोट में बताया कि वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं ताकि मेसी इवेंट से जुड़े पूरे मामले की जांच पूरी निष्पक्षता से की जा सके। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को गंगासागर मेले की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इवेंट की अव्यवस्था पर अधिकारियों और नेताओं को फटकार लगाई थी।
मुख्यमंत्री ने सीधे खेल मंत्री अरूप बिस्वास से सवाल किया था कि क्या वह पूरी जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं, अन्यथा उन्हें पद से हट जाना चाहिए। उन्होंने डीजीपी राजीव कुमार से भी नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा था कि ऐसी घटनाएँ राज्य की छवि खराब करती हैं।
पूरा विवाद क्या था?
शनिवार को लियोनेल मेसी का भारत दौरा कोलकाता से शुरू हुआ था। हजारों दर्शकों ने ₹15,000 तक के टिकट खरीदे थे, लेकिन मेसी केवल करीब 20 मिनट के लिए ही मैदान में नज़र आए। आरोप लगे कि मेसी चारों ओर से नेताओं और प्रभावशाली लोगों से घिरे रहे, जिससे आम टिकटधारकों को उन्हें ठीक से देखने का मौका नहीं मिला।
निराश और गुस्साए दर्शकों ने स्टेडियम में बोतलें फेंकी, कुर्सियां तोड़ीं और जमकर हंगामा किया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकार और सत्तारूढ़ टीएमसी को भारी आलोचना झेलनी पड़ी।
बीजेपी की प्रतिक्रिया
बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने मंत्री के इस्तीफे के बाद कहा कि अरूप बिस्वास को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस इवेंट का इस्तेमाल 2026 के विधानसभा चुनावों में फायदा उठाने के लिए कर रही थीं, लेकिन उनका मिशन ‘बैकफायर’ कर गया।
Also Read: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराई फॉर्च्यूनर, चार लोगों की दर्दनाक मौत

