एक्ट्रेस पर्णो मित्रा TMC में शामिल, बोलीं- भाजपा में जाना मेरी गलती थी, अब सुधारने का समय
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में चुनावी बिगुल बजने से पहले ही दलबदल का सिलसिला तेज हो गया है। शुक्रवार को बंगाली सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और पूर्व भाजपा नेता पर्णो मित्रा औपचारिक रूप से तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गई हैं। कोलकाता स्थित पार्टी मुख्यालय में ममता सरकार की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और प्रवक्ता जय प्रकाश मजूमदार ने उन्हें पार्टी का झंडा थमाकर स्वागत किया।
टीएमसी का दामन थामते ही पर्णो मित्रा के सुर पूरी तरह बदल गए। उन्होंने अपने पुराने फैसले पर अफसोस जताते हुए कहा, आज मेरे लिए बहुत बड़ा दिन है। मैं अपनी उस गलती को सुधारना चाहती हूं जो मैंने छह साल पहले भाजपा में शामिल होकर की थी। इंसान से गलतियां होती हैं और उन्हें समय पर ठीक कर लेना ही बेहतर है।
ममता बनर्जी को बताया प्रेरणा का स्रोत
पर्णो ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की राजनीतिक यात्रा और उनके संघर्ष हम जैसी महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं। पर्णो ने आगे कहा, मुझे मुख्यमंत्री के काम करने का तरीका और उनकी सादगी पसंद है। वे बंगाल की महिलाओं के विकास के लिए जो कर रही हैं, मैं उसका हिस्सा बनना चाहती हूं। अब मुझे अपने लोगों के लिए सही मायने में काम करने की खुशी होगी।
बीजेपी में क्यों नहीं लगा मन
मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पर्णो का स्वागत करते हुए बीजेपी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पर्णो ने खुद महसूस किया कि भाजपा में काम करने की आजादी नहीं है। भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता खुलकर जनता की सेवा नहीं कर सकता, इसीलिए वे हमारे साथ आई हैं।
Also Read: जातिगत राजनीति पर भाजपा सख्त: प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले- ‘मर्यादित रहें जनप्रतिनिधि’

