भारतीय रेस्टोरेंट में हुई थी Benjamin Netanyahu की पहली डेट, PM मोदी के इजराइल दौरे के दौरान हुआ खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजराइल दौरे के दौरान दोनों देशों के पुराने संबंधों की अनूठी तस्वीरें देखने को मिलीं। एयरपोर्ट से लेकर इजराइली संसद तक उनका भव्य स्वागत किया गया। दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें दोनों देशों के रिश्तों की मजबूती साफ नजर आई।

Benjamin Netanyahu ने सुनाया किस्सा

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने भारत और प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन पर भारत का बहुत बड़ा व्यक्तिगत कर्ज है। उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक यादगार किस्सा साझा करते हुए बताया कि उनकी पत्नी के साथ उनकी पहली डेट एक भारतीय रेस्टोरेंट में हुई थी और खाना जबरदस्त था, इसलिए वह एक शानदार पहली डेट थी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह और उनके बच्चे भारत के कर्जदार हैं। यह सुनकर प्रधानमंत्री मोदी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और उन्होंने इसे अपने लिए गर्व और भावुकता का क्षण बताया।

कृषि और टेक्नोलॉजी में सहयोग पर जोर

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने कृषि और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के साझा विजन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत के प्रतिभाशाली लोगों और इजराइल के लोगों के बीच सहयोग को लेकर चर्चा हुई है और इस दिशा में ठोस योजना बनाई जा रही है। उन्होंने प्रिसिजन एग्रीकल्चर, सॉफ्टवेयर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को ऐसे क्षेत्रों के रूप में रेखांकित किया, जिनमें दोनों देश मिलकर आगे बढ़ने की योजना बना रहे हैं।

16 द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर

वहीं इस कार्यक्रम के दौरान भारत और इजराइल के बीच इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में 16 द्विपक्षीय एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौते दोनों देशों के सहयोग को नई दिशा देने की पहल के तौर पर देखे जा रहे हैं।

भारत में अगली बैठक की तैयारी

वहीं इस दौरान प्रधानमंत्री नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने कहा कि इजराइल और भारत दोनों ही इनोवेशन पर जोर दे रहे हैं और सहयोग को और मजबूत करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही व्यवस्थाएं पूरी होंगी, अगली बैठक भारत में आयोजित की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को दोहराते हुए कहा कि दोनों देशों की सरकारों और लोगों के बीच की दोस्ती दिल से महसूस की जाती है और उम्मीद है कि यह संबंध आगे और मजबूत होगा।

 

Also Read: कोर्ट में पेश किये गए AI Summit के दौरान प्रदर्शन के आरोपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.