भदोही: इंस्टाग्राम पर सुसाइड नोट लिखकर खाईं 50 गोलियां, पुलिस ने ऐसे बचाई युवक की जान

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस की तत्परता और ‘मेटा’ (फेसबुक-इंस्टाग्राम) के रियल-टाइम अलर्ट सिस्टम ने भदोही के एक 22 वर्षीय युवक को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। महज 7 मिनट की देरी इस युवक की जान ले सकती थी, लेकिन पुलिस मुख्यालय से मिले सटीक लोकेशन और स्थानीय पुलिस की फुर्ती ने करिश्मा कर दिखाया।

क्या था मामला?

22 जनवरी की रात करीब 11:15 बजे, भदोही के औराई निवासी एक युवक ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक और डराने वाला वीडियो पोस्ट किया। उसने लिखा— “मुझे माफ़ करना मेरी जान… आज मैंने नींद की 50 गोलियां खाई हैं, मैं मर भी गया तो टेंशन मत करना।” युवक ने अपनी आर्थिक स्थिति और नई बाइक न मिल पाने के कारण अवसाद में आकर यह घातक कदम उठाया था।

मेटा अलर्ट और लखनऊ पुलिस का एक्शन

जैसे ही यह पोस्ट अपलोड हुई, इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी ‘मेटा’ के ऑटोमेटेड सिस्टम ने इसे पहचान लिया। तत्काल मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ईमेल और फोन के जरिए अलर्ट भेजा गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर मुख्यालय ने युवक का मोबाइल नंबर और लोकेशन ट्रेस की और तुरंत भदोही पुलिस को सूचित किया।

7 मिनट का ‘जीवन रक्षक’ ऑपरेशन

भदोही के थाना औराई के उप-निरीक्षक को जैसे ही लोकेशन मिली, वे बिना एक पल गंवाए टीम के साथ युवक के घर की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलने के मात्र 07 मिनट के भीतर पुलिस युवक के कमरे में थी। वहां युवक बेड पर तड़प रहा था और उसे लगातार उल्टियां हो रही थीं। पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत अपनी गाड़ी में लादा और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने समय रहते उसका इलाज कर जान बचा ली।

नई बाइक के लिए परिजनों की डांट

होश आने पर युवक ने बताया कि वह एक नई बाइक खरीदना चाहता था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण परिजनों ने उसे डांट दिया, जिससे आहत होकर वह अवसाद (डिप्रेशन) में चला गया और आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने न केवल उसकी जान बचाई, बल्कि उसकी काउंसलिंग भी की, जिसके बाद युवक ने वादा किया कि वह भविष्य में ऐसी गलती कभी नहीं करेगा।

उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा के बीच 2022 से यह खास समझौता चल रहा है। इसके तहत अब तक 1915 लोगों की जान बचाई जा चुकी है। इसी शानदार काम के लिए हाल ही में यूपी पुलिस को प्रतिष्ठित ‘SKOCH Award-2025’ से भी नवाजा गया है।

 

Also Read: लखनऊ: ‘डाला’ और ‘धोनी’ गांजे के साथ गिरफ्तार, पार्क के पास सजा रहे थे महफिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.