भदोही: गैंगस्टर एक्ट में कुर्क थार गाड़ी नहीं सौंपी, अब पूर्व विधायक विजय मिश्र की बहू पर FIR

Sandesh Wahak Digital Desk: भदोही जिले में पूर्व विधायक विजय मिश्र के भतीजे सतीश मिश्र की पत्नी वैशाली मिश्रा के खिलाफ स्थानीय पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई थार गाड़ी पुलिस प्रशासन को निर्धारित समय पर सुपुर्द न करने के मामले में की गई है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वैशाली मिश्रा के खिलाफ भदोही जिले के गोपीगंज थाने में मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कुर्की और अवहेलना का मामला

पूर्व विधायक विजय मिश्र गैंग के सक्रिय सदस्य सतीश मिश्र (निवासी खपटिया, प्रयागराज) की पत्नी वैशाली मिश्रा के नाम पंजीकृत थार गाड़ी को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क करने का आदेश जिला मजिस्ट्रेट ने 10 अक्टूबर 2023 को जारी किया था।

गोपीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार राय द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, कुर्की आदेश 26 अक्टूबर को वैशाली मिश्रा को विधिवत प्राप्त कराया गया था। उन्हें वाहन पुलिस की सुपुर्दगी में देने को कहा गया, लेकिन उन्होंने न तो गाड़ी दी और न ही उसकी कोई जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने इसे जिला मजिस्ट्रेट के आदेश की अवहेलना माना है और कहा है कि यह कृत्य अपराध की श्रेणी में आता है, जिसके चलते वैशाली मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

कौन हैं पूर्व विधायक विजय मिश्र?

भदोही जिले की ज्ञानपुर विधानसभा सीट से चार बार विधायक रह चुके विजय मिश्र पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। विजय मिश्र पर 80 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्हें 14 अगस्त 2020 को मध्य प्रदेश के सागर जिले से गिरफ्तार किया गया था और वर्तमान में वह आगरा जिले की जेल में बंद हैं।

Also Read: ‘वह भाजपा के पोषित पिल्ले हैं’, सपा सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ का ओपी राजभर पर तीखा हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.