Bhadohi News: 5.57 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासा, बैंक मैनेजर समेत चार के खिलाफ FIR दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: भदोही जिले गोपीगंज के पूरेगुलाम नई बस्ती निवासी आयातक सिकंदर अली ने 5.57 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के प्रयास का आरोप लगाते हुए ICICI बैंक के भदोही शाखा प्रबंधक, नवी मुंबई के वर्षा एक्सपोर्ट के संचालक हर्षित पारेखर, अबुधाबी-दुबई के जावेद और उसकी कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और संदिग्ध भुगतान को तुरंत होल्ड करा दिया।

कैसे हुई पूरी घटना

सिकंदर अली की एफएफ कैमिकल्स एंड मेटल्स कंपनी है। उन्होंने दुबई स्थित सिनोमेट ट्रेडिंग एंड रीसाइक्लिंग, अजमान फ्री जोन से एल्यूमिनियम स्क्रैप आयात करने के लिए भदोही की चकइनायत शाखा में ICICI बैंक के माध्यम से लेटर ऑफ क्रेडिट (एलसी) जारी कराया।

एलसी के बदले बैंक ने सिकंदर से 5,57,40,021 रुपये की एफडी बतौर धरोहर राशि जमा कराई।

दुबई पहुंचने पर नहीं मिला कंपनी का पता

सिकंदर 25 अक्टूबर को कंपनी के प्रोपराइटर जावेद से मिलने दुबई पहुंचे, लेकिन दिए गए पते पर कंपनी मौजूद ही नहीं थी। जावेद ने दो दिन में मिलने का आश्वासन दिया, पर वह नहीं आया। तब सिकंदर को धोखाधड़ी की आशंका हुई और 28 अक्टूबर को उन्होंने बैंक को ईमेल भेजकर पूरा मामला बताया।

बैंक ने बताया—शिपमेंट दस्तावेज आ चुके

सिकंदर के अनुसार 11 नवंबर को बैंक से फोन आया कि शिपमेंट के दस्तावेज पहुंच गए हैं और भुगतान प्रक्रिया शुरू की जा रही है। बैंक मैनेजर ने उन पर भुगतान करने का दबाव भी बनाया।

इसी बीच नवी मुंबई के हर्षित पारेखर ने सिकंदर को फोन कर बताया कि इस इंपोर्ट से जुड़े कुछ दस्तावेज उसके पास हैं, जो उसे जावेद ने दिए थे। इससे सिकंदर को पूरा खेल समझ में आ गया और वह तुरंत भदोही पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराने लगे।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर रोक दी पेमेंट

सिकंदर ने आरोप लगाया कि पूरा गिरोह उसकी एफडी की राशि हड़पने की साजिश में शामिल था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैंक से संबंधित खाता होल्ड करा दिया।

एसएचओ सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि व्यापारी के साथ धोखाधड़ी की कोशिश हो रही थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से समय रहते भुगतान रोक दिया गया। मामले की जांच जारी है।

Also Read: UP Politics: ‘खेसारी जैसा हश्र अखिलेश का होगा’, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के बयान से बढ़ी राजनीतिक हलचल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.