Bhadohi News: प्रेमिका के लिए टावर पर चढ़ा युवक, बोला-वो आएगी तभी उतरूंगा, घंटों चला ड्रामा
Bhadohi News: कोतवाली क्षेत्र के सालीमपुर गांव में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक प्रेमिका के चक्कर में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। फिल्म शोले के वीरू की तरह वह ऊपर से बार-बार आवाज देकर अपनी प्रेमिका को बुलाने की जिद कर रहा था। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। युवक की पहचान सचिन उर्फ पवन पांडेय, निवासी याकूबपुर के रूप में हुई है। टावर की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़कर वह जोर-जोर से कह रहा था कि उसकी प्रेमिका को बुलाया जाए, वरना वह नीचे नहीं उतरेगा।
पुलिस-प्रशासन मौके पर जुटा
सूचना मिलते ही सीओ अशोक मिश्रा, एसडीएम अरुण गिरी, पुलिस बल, दमकल कर्मी और दो एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं। पुलिस और प्रशासन लगातार युवक को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और तमाशा देखने लगे।
मिन्नतों के बाद भी नहीं उतरा
अधिकारियों और ग्रामीणों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। वह बार-बार यही कहता रहा कि जब तक उसकी प्रेमिका सामने नहीं आएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। इस दौरान माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण और चर्चाओं से भरा रहा। युवक के इस नाटक को लेकर पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग इसे फिल्मी स्टाइल का “प्रेम-ड्रामा” बता रहे हैं, जबकि पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार कोशिशें कर रही है।
Also Read: थराली पहुंचे CM धामी के सामने महिलाओं ने किया प्रदर्शन, समय पर राहत न मिलने का आरोप

