Bhadohi News: दो ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत, ड्राइवर और खलासी की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: भदोही जिले के ऊंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नवधन गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में एक ट्रक के चालक और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद दक्षिणी लेन पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से हटवाया।

जानकारी के मुताबिक, सावन माह के चलते हाईवे की उत्तरी लेन को कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित किया गया था। इस कारण सभी भारी वाहनों को दक्षिणी लेन से ही निकाला जा रहा था। इसी दौरान, विपरीत दिशा से आ रहे दो ट्रक आमने-सामने से भिड़ गए।

मौके पर ही दो की मौत, दूसरा ट्रक चालक फरार

हादसे में ट्रक चालक इंद्रजीत नट (40 वर्ष), निवासी भभौरा गांव, चकिया (चंदौली) और खलासी देवेंद्र यादव (45 वर्ष), निवासी मंगला विहार कॉलोनी, कानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक ट्रक में बैटरी और दूसरे में प्याज लदा था। टक्कर इतनी तेज थी कि एक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दूसरे ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कराया पोस्टमार्टम

हादसे की सूचना मिलते ही ज्ञानपुर सर्किल के प्रभारी निरीक्षक ऊंज, रमाकांत यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्रेन बुलवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और जाम को धीरे-धीरे खुलवाया। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से हाईवे पर वाहनों के संचालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है, खासकर जब धार्मिक आयोजनों के चलते रूट बदले जाते हैं।

 

Also Read: डिप्टी सीएम की कार्रवाई पर उठे सवाल! बिना आरोप पत्र के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को किया सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.