गुरुग्राम में शुरू हुआ LPG ATM, 2-3 मिनट में मिलेगा भरा सिलेंडर

Sandesh Wahak Digital Desk: देश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच सरकारी कंपनी भारत पेट्रोलियम ने राहत भरी खबर दी है। कंपनी ने LPG ATM की शुरुआत की है, जिससे ग्राहकों को महज 2 से 3 मिनट में खाली सिलेंडर के बदले भरा हुआ सिलेंडर मिल सकेगा।

यह सुविधा शुरुआत में गुरुग्राम के सेक्टर-33 स्थित सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में शुरू की गई है। सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में फैसिलिटीज के असिस्टेंट मैनेजर अमित खटाना ने इस नई सर्विस के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

ऐसे काम करेगा LPG ATM

अमित खटाना ने बताया कि यह सुविधा फिलहाल सिर्फ भारत गैस के ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए ग्राहक को कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे।

रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालें: ग्राहक को अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर एलपीजी एटीएम मशीन में डालना होगा।

ओटीपी वेरिफिकेशन: नंबर डालने के बाद ग्राहक के पास एक ओटीपी आएगा, जिसे वेरिफाई करना होगा।

खाली सिलेंडर का वजन: इसके बाद ग्राहक को अपना खाली सिलेंडर मशीन पर रखकर उसका वजन कराना होगा।

पेमेंट: वजन कराने के बाद ग्राहक को ऑनलाइन पेमेंट करनी होगी।

भरा सिलेंडर: पेमेंट पूरी होते ही ग्राहक को 10 किलो का भरा हुआ सिलेंडर मिल जाएगा।

10 किलो वाला सिलेंडर ही होगा उपलब्ध

हालांकि, यह सुविधा अभी सभी ग्राहकों के लिए उपलब्ध नहीं होगी। अमित खटाना ने बताया कि एलपीजी एटीएम से सिर्फ 10 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर ही मिलेंगे। इसके लिए जरूरी है कि ग्राहक के पास 10 किलो का ही खाली सिलेंडर हो।

उन्होंने साफ किया कि जिन ग्राहकों के पास 14.2 किलो वाले सिलेंडर हैं, उन्हें यहां से सिलेंडर नहीं मिल पाएगा। ऐसे ग्राहकों को 10 किलो वाले खाली सिलेंडर के लिए अपनी एजेंसी से संपर्क करना होगा।

युद्ध के कारण प्रभावित हुई गैस सप्लाई

बता दें कि मिडिल-ईस्ट में जारी युद्ध के कारण गैस और कच्चे तेल की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इसका असर देश में एलपीजी की उपलब्धता पर भी पड़ रहा है। हालांकि, सरकार का कहना है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। साथ ही, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई भी शुरू कर दी गई है और इसमें लगातार बढ़ोतरी की जा रही है।

एलपीजी एटीएम की शुरुआत को ग्राहकों के लिए एक बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे सिलेंडर पाने की प्रक्रिया न सिर्फ आसान होगी, बल्कि समय भी कम लगेगा। आने वाले दिनों में इस सुविधा को दूसरे शहरों में भी विस्तार देने की योजना है।

Also Read: कमर्शियल एलपीजी आवंटन बढ़ाकर 50% किया गया, अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को मिलेगी प्राथमिकता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.