Sonbhadra News: कफ सिरप तस्करी का मास्टरमाइंड भोला प्रसाद कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार, विदेश भागने की फिराक में था

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश पुलिस को कफ सिरप की अवैध तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। सोनभद्र पुलिस ने रविवार को इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड भोला प्रसाद जायसवाल को कोलकाता एयरपोर्ट से उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह विदेश भागने की फिराक में था। भोला प्रसाद जायसवाल, जो ड्रग माफिया शुभम जायसवाल का पिता है, चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर समेत कई जिलों में वांछित था।

अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गठित सोनभद्र पुलिस, एसआईटी और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाराणसी निवासी भोला प्रसाद जायसवाल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाने के लिए कोलकाता की न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है।

25 करोड़ के फर्जी लेन-देन का खुलासा

सोनभद्र पुलिस के अनुसार, एसआईटी जाँच से स्पष्ट हुआ है कि भोला प्रसाद जायसवाल इस पूरे अवैध कारोबार को नियंत्रित कर रहा था। वह मेसर्स शैली ट्रेडर्स, रांची (झारखंड) के माध्यम से कफ सिरप की नकली बिलिंग कर बड़े पैमाने पर उसका अवैध वितरण उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में करवा रहा था।

एसआईटी जाँच में भदोही, चंदौली, वाराणसी और सोनभद्र में करीब 25 करोड़ रुपये के फर्जी लेन-देन का खुलासा हुआ है। जाँच में पाया गया कि अधिकांश फर्में केवल कागजों पर थीं, जो धरातल पर अस्तित्वहीन पाई गईं। 18 अक्टूबर को सोनभद्र में चेकिंग के दौरान 1,19,675 कफ सिरप की शीशियाँ बरामद की गई थीं। इसके अलावा गाजियाबाद में की गई संयुक्त कार्रवाई में चार ट्रकों से भारी मात्रा में कफ सिरप और 20 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए थे।

Also Read: बिहार के मोतिहारी में ट्रक ने ऑटो और बाइक को रौंदा, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.