Health Tips: बालों का सच्चा दोस्त है भृंगराज, जानें घर पर कैसे बनाएं ये चमत्कारी तेल
Health Tips: आयुर्वेद में भृंगराज को एक ख़ास जगह मिली है। यह सिर्फ़ बालों को काला, घना और चमकदार बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि बुद्धि को तेज़ करने में भी बेहद असरदार माना जाता है। यही वजह है कि इसे ‘केशराज’ के नाम से भी जाना जाता है। इस अद्भुत पौधे के पत्ते, फूल, तने और जड़, सभी औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं।
भृंगराज का वैज्ञानिक नाम ‘एक्लिप्टा अल्बा’ है, और इसे आम बोलचाल में घमरा या भांगड़ा भी कहते हैं। यह भारत, चीन, थाईलैंड और ब्राजील जैसे देशों में अक्सर दलदली जगहों पर या घरों के आस-पास आसानी से उग जाता है।
पहचान ज़रूरी, वर्ना हो सकती है मुश्किल
हेल्थ एक्सपर्ट बताते हैं कि भले ही यह पौधा आसानी से मिल जाता हो, लेकिन इसका इस्तेमाल तभी करना चाहिए जब आपको इसकी सही पहचान हो और पता हो कि इसे कैसे उपयोग करना है। अगर जानकारी न हो, तो इसे आयुर्वेदिक स्टोर से भी ख़रीदा जा सकता है।
बालों के लिए भृंगराज तेल के फ़ायदे
हमारे बड़े-बुजुर्ग, ख़ासकर दादी-नानी, बचपन से ही भृंगराज का तेल बालों में लगाने की सलाह देती रही हैं, और इसके पीछे ठोस वजह है। यह तेल बालों को काला, घना और चमकदार बनाने के साथ-साथ दिमाग को भी तेज़ करने में कारगर है।
आयुर्वेद के प्राचीन ग्रंथों में भृंगराज का महत्व
चरक संहिता में इसे ‘पित्तशामक’ और ‘रक्तशोधक’ बताया गया है। यह लिवर की कार्यक्षमता को बढ़ाने और खून को साफ़ करने में मदद करता है। चरक संहिता के अनुसार, समय से पहले बालों का सफ़ेद होना पित्त दोष के असंतुलन से जुड़ा है। भृंगराज पित्त को संतुलित करता है, जिससे सफ़ेद बालों की प्रक्रिया धीमी होती है।
सुश्रुत संहिता में भृंगराज तेल को बालों की जड़ों को मज़बूत करने और समय से पहले सफ़ेदी रोकने वाली ‘अग्रणी औषधि’ कहा गया है। आज भी ग्रामीण इलाकों में बुजुर्ग इसके पत्तों को पीसकर लेप बनाते हैं और बालों में लगाते हैं, जबकि शहरी लोग इसका तेल बाज़ार से ख़रीदना पसंद करते हैं।
घर पर ऐसे बनाएं भृंगराज का चमत्कारी तेल
आयुर्वेदिक ग्रंथों में भृंगराज तेल बनाने की विधि का भी उल्लेख मिलता है। इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है। इसके लिए आपको भृंगराज के पत्ते, मीठा नीम, बारीक कटे हुए प्याज, मेथी दाना, नीम के पत्ते, सरसों का तेल चाहिए।
इन सभी सामग्री को सरसों के तेल में अच्छी तरह से पका लें। जब सामग्री पूरी तरह पक जाए और उनका अर्क तेल में उतर जाए, तब तेल को ठंडा कर छान लें और एक साफ़ बोतल में स्टोर कर लें। इस तेल का नियमित इस्तेमाल आपके बालों को स्वस्थ और ख़ूबसूरत बनाने में मदद कर सकता है।
Also Read: हिमंत बिस्वा सरमा का राहुल पर तीखा तंज, क्या गारंटी है कि 2026 से पहले वह जेल नहीं जाएंगे

