बेटी को हॉस्टल से लाने जा रहे पिता का चाइनीज मांझे से कटा गला, मौके पर ही मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक के बीदर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। मकर संक्रांति की खुशियां एक परिवार के लिए उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पतंग के जानलेवा चाइनीज मांझे ने एक बाइक सवार शख्स की जान ले ली। यह हादसा बीदर के तालामडगी गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान 48 वर्षीय संजय कुमार होसानमनी के रूप में हुई है, जो पेशे से लॉरी क्लीनर थे।

संजय कुमार संक्रांति के त्योहार पर अपनी बेटी को हॉस्टल से वापस घर लाने के लिए हुमनाबाद जा रहे थे। जब वह तालामडगी गांव के पास से गुजर रहे थे, तभी सड़क पर लटका हुआ चाइनीज मांझा अचानक उनके गले में उलझ गया। बाइक की रफ्तार और मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनका गला गहरे तक कट गया। गले से ज्यादा खून बह जाने के कारण संजय कुमार ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया। उनकी बेटी और परिवार घर पर उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन पहुंची उनकी मौत की खबर।

बैन के बावजूद बिक रहा कातिल मांझा

हैरानी की बात यह है कि प्रशासन ने पहले ही चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्त पाबंदी लगा रखी है। मन्नेखल्ली पुलिस ने बताया कि पिछले तीन दिनों से जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। कई जगहों से प्रतिबंधित मांझा जब्त भी किया गया है। पुलिस ने साफ कहा है कि जो दुकानदार चोरी-छिपे यह जानलेवा धागा बेच रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Lucknow News: 72 घंटों में सुलझा ‘ब्लाइंड मर्डर’, नशे की लत में दोस्त ही बना जान का दुश्मन, 2 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.