गोंडा में एंटी करप्शन टीम का बड़ा एक्शन, 10 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: गोंडा जिले में एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने करनैलगंज तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक व्यक्ति से जमीन की पैमाइश रिपोर्ट लगाने के नाम पर यह रकम मांगी थी। यह गिरफ्तारी शुक्रवार को तहसील परिसर स्थित उसके सरकारी आवास से की गई।
पैमाइश के नाम पर मांगी थी घूस
एंटी करप्शन टीम के प्रभारी राम सहाय यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संजय शुक्ला मूल रूप से लखनऊ के शक्तिनगर, इंदिरा नगर का रहने वाला है। वह पिछले करीब दो साल से करनैलगंज तहसील में काम कर रहा था।
परसपुर, शाहपुर धनावा निवासी राम कुमार ने शिकायत की थी कि संजय शुक्ला पिछले एक साल से उसकी जमीन की पैमाइश रिपोर्ट लगाने के लिए उसे परेशान कर रहा था और लगातार घूस मांग रहा था।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और संजय शुक्ला को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ देहात कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उसे आगे की कार्रवाई के लिए गोरखपुर की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
Also Read: ‘सरदार लुक’ में नजर आए अखिलेश यादव, किसान आंदोलन के शहीदों के परिवारों को किया सम्मानित

