बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गौकशी करने वाले तीन अभियुक्त मुठभेड़ में गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने रविवार, 2 फरवरी 2025 को गौकशी के आरोप में शामिल तीन अभियुक्तों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। इस दौरान दो अभियुक्तों को पैर में गोली लगने से चोटें आईं, जबकि एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से दो अवैध तमंचे, कारतूस, गौकशी के उपकरण, एक मोटरसाइकिल और एक बछड़ा बरामद किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कचौली के जंगल में चार अभियुक्त गौकशी कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक बिथरी चैनपुर ने पुलिस बल के साथ घेराबंदी की। गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिससे कांस्टेबल गौतम गिरी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों को पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया गया, जबकि चौथा आरोपी मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम एवं विवरण

  • कामिल उर्फ नकटा (25 वर्ष) निवासी ग्यासपुर, थाना बीसलपुर, पीलीभीत।
  • उरमान (31 वर्ष) निवासी लाइनपार, थाना पूरनपुर, पीलीभीत।
  • वसीम कुरैशी निवासी चकमहमूद, थाना बारादरी, बरेली।

फरार अभियुक्त:

  • समीर उर्फ सैवाज निवासी ग्यासपुर, थाना बीसलपुर, पीलीभीत।

बरामदगी का विवरण

  • दो अवैध तमंचे (315 बोर) एवं कारतूस
  • गौकशी के उपकरण एवं रस्सी
  • हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (UP 27P 2317, काले रंग की)
  • एक गौवंश (बछड़ा), जो पेड़ से बंधा हुआ था

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, गौवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना बिथरी चैनपुर में मु0अ0सं0-58/25 के तहत धारा 109/3(5) बीएनएस (पुलिस मुठभेड़), 3/8 गौवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता अधिनियम और धारा 3/25/27 ए एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। घायल पुलिसकर्मी और अभियुक्तों को इलाज के लिए जिला अस्पताल, बरेली में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, बरेली ने बताया कि यह कार्रवाई गौकशी जैसे गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए की गई है। पुलिस की सतर्कता और तत्परता के कारण तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

Also Read: Basti News: मां-बेटी की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, 50…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.