अमरनाथ यात्रा में बड़ा बदलाव, इस बार 52 की जगह 38 दिन चलेगी यात्रा
Sandesh Wahak Digital Desk: इस साल अमरनाथ यात्रा की अवधि को घटा दिया गया है। पहले जहां श्रद्धालु 52 दिनों तक बाबा बर्फानी के दर्शन कर पाते थे, अब यह यात्रा सिर्फ 38 दिन चलेगी। 3 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलने वाली यह पवित्र यात्रा पहले की तुलना में थोड़ी छोटी जरूर होगी, लेकिन इस बार सुरक्षा के इंतज़ाम पहले से कहीं ज़्यादा मजबूत और हाईटेक होंगे।
क्यों घटाई गई यात्रा की अवधि
अमरनाथ यात्रा की तारीखें हर साल मौसम के अनुसार तय की जाती हैं। यात्रा की अवधि कम करने का फैसला पहलगाम आतंकी हमले से पहले ही किया गया था, यानी इसका सुरक्षा कारणों से कोई लेना-देना नहीं है। मौसम को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।
सुरक्षा के लिए जबरदस्त तैयारी
-जम्मू-कश्मीर में पिछले हमले को देखते हुए इस बार सुरक्षा को लेकर बहुत सख्त और तकनीकी इंतज़ाम किए गए हैं-
-581 कंपनियां सीआरपीएफ और अन्य अर्धसैनिक बलों की तैनात होंगी।
-सभी यात्रियों और पोनी राइडर्स की डिजिटल पहचान बनेगी।
-सुरक्षा रूट का ऑडिट और डिजिटल मैपिंग की गई है।
-जैमर, सैटेलाइट फोन और RFID तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि किसी भी तरह की आतंकी गतिविधियों को रोका जा सके।
-यात्रियों की निगरानी के लिए पुलिस और सीआरपीएफ की अलग डेडिकेटेड PCR वैन होंगी।
हाईलेवल सुरक्षा मीटिंग में लिया गया निर्णय
30 मई 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक हुई, जिसमें जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, डीजीपी नलिन प्रभात, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। गृहमंत्री अमित शाह ने साफ किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की और तीर्थयात्रियों के लिए पूरी सतर्कता और सुरक्षा के निर्देश दिए।
Also Read: प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे ब्रजेश पाठक, भक्ति का जाना रहस्य

