UP News: अपना दल (एस) में बड़ा बदलाव, आर.पी. गौतम बने यूपी के नए प्रदेश अध्यक्ष
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की सियासत में सक्रिय क्षेत्रीय दल अपना दल (एस) ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए जाटव आर.पी. गौतम को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

अब तक सहकारिता मंच के प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका निभा चुके गौतम को यह ज़िम्मेदारी पार्टी नेतृत्व ने आगामी चुनावों और संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए सौंपी है।
अपना दल (एस) नेतृत्व ने भरोसा जताया है कि जाटव आर.पी. गौतम के अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण से पार्टी को राज्य में और अधिक मजबूती मिलेगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति से संगठन को सामाजिक आधार को और विस्तार देने में मदद मिलेगी, विशेष रूप से पिछड़े और दलित वर्गों के बीच।
संगठन के विस्तार पर फोकस
अपना दल (एस) का फोकस आगामी निकाय चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर है। माना जा रहा है कि जाटव आर.पी. गौतम की नियुक्ति संगठन को ज़मीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय व प्रभावशाली बनाएगी।
गौतम की छवि एक जनसंपर्क में दक्ष और निचले तबके से जुड़ाव रखने वाले नेता के रूप में रही है।
नेतृत्व का बयान
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने कहा है कि ”आर.पी. गौतम की संगठनात्मक क्षमता और सामाजिक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह अहम ज़िम्मेदारी दी गई है। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में पार्टी प्रदेश में और सशक्त होगी।”
सहकारिता मंच में प्रभावी भूमिका
प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले जाटव आर.पी. गौतम अपना दल (एस) सहकारिता मंच के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सक्रिय थे।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी समितियों और कृषक वर्ग के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जिससे पार्टी की पैठ गांव-गांव तक मजबूत हुई।

