महाराष्ट्र से बड़ा दावा – उद्धव गुट के 5 सांसदों ने किया क्रॉस वोटिंग
Sandesh Wahak Digital Desk: उपराष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आने के बाद राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि दावा किया जा रहा है कि गठबंधन में शामिल कुछ सांसदों ने क्रॉस वोटिंग की या फिर अपने वोट खराब कर दिए।
इस बीच महाराष्ट्र की राजनीति भी गरमा गई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने दावा किया है कि उद्धव ठाकरे गुट के पांच सांसद हमारे संपर्क में थे और उन्होंने एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन को वोट दिया।
संजय निरुपम का बड़ा दावा
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा, “शरद पवार गुट के सांसदों ने भी NDA को वोट दिया। विपक्ष के पास 324 वोट थे, लेकिन उन्हें सिर्फ 300 ही मिले। अब विपक्ष वोट चोरी का रोना नहीं रो पाएगा।”
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि NDA को 16 वोट ज्यादा कैसे मिले, जबकि 15 वोट अवैध करार दिए गए या सांसद मतदान में अनुपस्थित रहे।
दूसरी ओर, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने दावा किया कि, “हमें हमारे सारे वोट मिले हैं। हमारा आंकड़ा 315 का था और उतने ही मिले। 15 वोट रिजेक्ट हुए हैं, लेकिन क्यों हुए, इसकी जानकारी नहीं है।”
नतीजों से साफ तस्वीर
इस चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि विपक्ष के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट ही मिले। कुल 781 सदस्यों में से 767 ने मतदान किया था, जिसमें 15 वोट अवैध घोषित कर दिए गए। विपक्ष का दावा था कि रेड्डी को कम से कम 320 वोट मिलेंगे, लेकिन नतीजे उनके लिए बड़ा झटका साबित हुए।
उपराष्ट्रपति चुनाव परिणाम के बाद बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने कहा, “करीब 40 विपक्षी सांसदों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनी और किसी न किसी रूप में एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट किया।”
Also Read: राहुल-अखिलेश-तेजस्वी को बताया ब्रह्मा-विष्णु-महेश, रायबरेली में सियासी पोस्टर वॉर

