यूपी में रोड सेफ्टी पर बड़ा फैसला: नियम तोड़ने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार अब पूरी तरह सख्त हो गई है। राजधानी लखनऊ में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की एक अहम संयुक्त बैठक हुई, जिसमें राज्य भर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और हादसों पर लगाम लगाने के लिए कई ठोस निर्णय लिए गए। इस बैठक की अध्यक्षता परिवहन आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह और ADG ट्रैफिक के. नारायण ने की। IG ट्रैफिक सुभाष चंद्र दुबे समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी इसमें शामिल रहे।
क्या हैं फैसले?
गंभीर सड़क हादसों में शामिल ड्राइवरों और वाहनों पर अब सीधे लाइसेंस और परमिट रद्द कर दिए जाएंगे।अगर कोई वाहन स्वामी बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके ड्राइविंग लाइसेंस पर सीधी कार्रवाई होगी। प्रमुख शहरों में हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच के लिए एक बड़ा संयुक्त अभियान जल्द शुरू किया जाएगा। ई-चालान की वसूली की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है – अब चालान का भुगतान WhatsApp और BBPS (भारत बिल पेमेंट सिस्टम) के जरिए किया जा सकेगा।
अब सड़कों पर नियमों की अनदेखी पड़ेगी भारी
सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए यह कदम बेहद जरूरी माना जा रहा है। प्रशासन का साफ संदेश है – “सड़क पर सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।” नियमों की अनदेखी अब सिर्फ चालान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लाइसेंस रद्द होने तक की नौबत आ सकती है।
जनजागरूकता भी जरूरी
अधिकारियों ने बताया कि अब आमजन को ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे, ताकि लोग न केवल खुद सुरक्षित रहें, बल्कि दूसरों की जान भी जोखिम में न डालें।
Also Read : लखनऊ के चिनहट में अवैध हुक्का बार पर छापा,…

