स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फर्जीवाड़ा: एक ही नाम पर 6 लोग कर रहे हैं नौकरी, जांच के आदेश

एक्स-रे टेक्नीशियन की 2016 की भर्ती में सामने आया चौंकाने वाला मामला, सभी मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में नियुक्तियों को लेकर एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा मई 2016 में हुई एक्स-रे टेक्नीशियन की भर्ती में पता चला है कि एक ही नाम, पिता के नाम और जन्मतिथि पर छह अलग-अलग लोग नौकरी कर रहे हैं। ये सभी कर्मचारी मानव संपदा पोर्टल पर भी दर्ज हैं और हर महीने वेतन भी ले रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल मई 2016 में, स्वास्थ्य विभाग ने 403 एक्स-रे टेक्नीशियन की नियुक्ति की थी। जारी की गई सूची में क्रमांक 80 पर एक ही नाम ‘अर्पित सिंह’ दर्ज है। अर्पित सिंह (पुत्र अनिल कुमार सिंह, जन्मतिथि 12 जून 1989) की तैनाती हाथरस में हुई थी और वे अभी सीएचसी मुरसान में कार्यरत हैं।

लेकिन, जब मानव संपदा पोर्टल की जांच की गई तो सामने आया कि इसी नाम, पिता के नाम और जन्मतिथि पर पाँच और लोग अलग-अलग जिलों में काम कर रहे हैं। ये सभी कर्मचारी शामली, रामपुर, फर्रुखाबाद, बांदा, बलरामपुर और बदायूं में तैनात हैं। इन सभी में से चार का स्थायी पता भी एक ही है।

जांच के आदेश जारी

यह चौंकाने वाला मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। इस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि यह एक गंभीर मामला है और इस पर तुरंत जांच कराई जाएगी।

डॉ. रतन पाल सुमन ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “छह कार्मिकों का नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि एक होना संदेह पैदा करता है। जांच कराई जाएगी। फर्जी नियुक्ति होगी तो दोषियों को सजा मिलेगी।”

Also Read: शिक्षक दिवस पर CM योगी करेंगे शिक्षकों को सम्मानित, 81 टीचर्स को मिलेगा ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.