सीएम योगी की सुरक्षा में बड़ी चूक, गलत हेलीपैड पर उतरा हेलिकॉप्टर
Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। सीएम योगी का हेलिकॉप्टर उस हेलीपैड पर उतार दिया गया, जो उनके लिए निर्धारित नहीं था। यह घटना बुधवार सुबह हुई, जब सीएम योगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 मई को प्रस्तावित कानपुर दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे।
पायलट हुआ कन्फ्यूज
यह घटना CSA यूनिवर्सिटी के मैदान में हुई, जहां कुल पांच हेलीपैड बनाए गए थे। जानकारी के अनुसार, मैदान को तीन हिस्सों में बांटा गया है- दो हिस्सों में दो-दो हेलीपैड और एक में एक हेलीपैड है। पहला हेलीपैड पीएम मोदी के लिए तय था, जबकि दूसरा सीएम योगी और अन्य वीआईपी के लिए। सुबह करीब 11:30 बजे सीएम योगी का हेलिकॉप्टर लखनऊ से उड़कर पहुंचा। उसे हेलीपैड नंबर 4 पर उतरना था, लेकिन पायलट ने गलती से हेलिकॉप्टर को हेलीपैड नंबर 2 पर उतार दिया। उस समय वहां एयरफोर्स का लैंडिंग ट्रायल चल रहा था, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई।
अफसरों में मची अफरा-तफरी
इस चूक की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारी जो मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए तय हेलीपैड पर इंतजार कर रहे थे, उन्हें तुरंत दौड़कर दूसरे हेलीपैड पर पहुंचना पड़ा। वहीं, सीएम योगी का औपचारिक स्वागत जल्दबाज़ी में किया गया। फिलहाल इस गड़बड़ी पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि यह गलती पायलट की थी या ग्राउंड कोऑर्डिनेशन में कोई कमी रह गई थी।
यह पहली बार नहीं
यह पहली बार नहीं है जब सीएम योगी के हेलिकॉप्टर को लेकर कोई घटना सामने आई हो। इससे पहले 20 अप्रैल को भी एक घटना हुई थी, जब तेज हवाओं की वजह से उनके हेलिकॉप्टर को लैंडिंग में परेशानी आई थी।
पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों का लिया जायज़ा
सीएम योगी इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 मई को प्रस्तावित कानपुर दौरे की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे हैं। पीएम मोदी इस दौरे में पावर प्लांट और मेट्रो विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। सीएम योगी ने CSA ग्राउंड में जनसभा स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रैफिक, सफाई और पार्किंग की व्यवस्था में कोई कमी न रह जाए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
Also Read: किसानों को PM मोदी का बड़ा तोहफा, धान का MSP बढ़ा, KCC को लेकर भी खुशखबरी

