भारत में हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत: आखिरी वक्त में टिकट कैंसिल करने पर भी मिलेगा मोटा रिफंड
Sandesh Wahak Digital Desk : भारत में फ्लाइट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए सरकार जल्द एक बड़ा बदलाव लागू करने की तैयारी में है। अक्सर देखा जाता है कि इमरजेंसी, पारिवारिक कारण या अचानक प्लान बदलने पर लोग आखिरी समय में टिकट रद्द करने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे मामलों में अभी तीन घंटे पहले तक टिकट कैंसिल करने पर यात्री को ‘नो-शो’ मानकर पूरा पैसा काट लिया जाता है। लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह स्थिति पूरी तरह बदल सकती है। सरकार ऐसा सिस्टम लाने पर काम कर रही है, जिसमें यात्री अंतिम क्षणों में टिकट रद्द करें तब भी उन्हें 80% तक रिफंड मिल सकेगा।
क्या है नई योजना?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार एक ऐसे मॉडल पर काम कर रही है जिसमें हर एयर टिकट के साथ एक छोटा-सा इन-बिल्ट इंश्योरेंस कवरेज शामिल होगा। खास बात यह है कि इसके लिए यात्रियों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। एयरलाइंस खुद इंश्योरेंस कंपनियों के साथ साझेदारी कर यह प्रीमियम वहन करेंगी।
सूत्रों के अनुसार, यदि प्रत्येक टिकट में लगभग 50 रुपये का इंश्योरेंस प्रीमियम जोड़ा जाता है, तो यात्री उड़ान से 3–4 घंटे पहले टिकट कैंसिल करने पर भी 80% तक रिफंड पा सकते हैं। एक प्रमुख एयरलाइन इस मॉडल पर इंश्योरेंस कंपनियों से बातचीत भी शुरू कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि लक्ष्य यह है कि यह इंश्योरेंस सबसे कम किराये वाले फेयर क्लास में ही शामिल कर दिया जाए, ताकि यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के सीधा लाभ मिल सके।
यह नया मॉडल क्यों जरूरी
एविएशन इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि आखिरी समय में टिकट कैंसिल होने पर रिफंड न मिलने की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। कई बार अचानक मेडिकल इमरजेंसी, परिवार में मृत्यु या किसी जरूरी काम की वजह से यात्रा संभव नहीं हो पाती, लेकिन यात्री को पूरा पैसा गंवाना पड़ता है। इस अनिश्चितता के कारण कई लोग टिकट बुक करने से भी हिचकिचाते हैं।
DGCA भी करेगा नियमों में बदलाव
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने भी माना है कि रिफंड से जुड़ी शिकायतें सबसे ज्यादा आती हैं। इसी वजह से DGCA रिफंड नियमों में संशोधन की तैयारी कर रहा है, ताकि एयरलाइंस को रिफंड के लिए न्यूनतम मानक तय करने पड़ें। अधिकारियों के अनुसार, नए नियम सुझाव मिलने के बाद जल्द ही अंतिम रूप ले लेंगे।

