एयर इंडिया विमान हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, उड़ान के 34 सेकंड बाद बंद हुए थे दोनों इंजन
Sandesh Wahak Digital Desk: एयर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले में विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की शुरुआती रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, उड़ान भरने के सिर्फ तीन सेकंड बाद ही विमान के इंजन के फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ से ‘कटऑफ’ की स्थिति में चले गए थे, जिसके कारण विमान उड़ान भरने के महज 34 सेकंड बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पायलट ने पूछा, आपने कट क्यों किया
AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि एयर इंडिया फ्लाइट 171 के इंजनों को ईंधन आपूर्ति करने वाले दोनों ईंधन नियंत्रण स्विच एक के बाद एक ‘रन’ से ‘कटऑफ’ पोजीशन में आ गए, जिससे दोनों इंजन बंद हो गए। जांच रिपोर्ट के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) में दर्ज बातचीत से पता चलता है कि पायलटों में भारी भ्रम की स्थिति थी। एक पायलट को दूसरे से पूछते हुए सुना गया, आपने कट क्यों किया? जिसके जवाब में दूसरा पायलट कहता है, मैंने ऐसा नहीं किया। यह बातचीत संभवतः गलतफहमी या अनजाने में हुई कार्रवाई का संकेत देती है।
रिपोर्ट के अनुसार, इंजन 1 और 2 के ईंधन स्विच कुछ ही सेकंड में ‘रन’ स्थिति में आ गए, जिससे यह संकेत मिलता है कि पुनः रिलाइट प्रक्रिया शुरू हो गई थी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पायलटों को पर्याप्त अनुभव और आराम था
इस उड़ान में सह-पायलट क्लाइव कुंदर विमान उड़ा रहे थे, जबकि मुख्य पायलट सुमीत सभरवाल उड़ान की निगरानी कर रहे थे। सभरवाल के पास बोइंग 787 पर लगभग 8,600 घंटे का विशाल अनुभव था, जबकि कुंदर के पास भी 1,100 घंटे से अधिक का अनुभव था। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दोनों पायलटों को उड़ान से पहले पर्याप्त आराम मिला था, जिससे थकान की वजह से गलती की संभावना कम हो जाती है।
अमेरिकी बुलेटिन की अनदेखी, एयर इंडिया पर उठे सवाल
15 पेज की इस प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि उड़ान शुरू होने से लेकर दुर्घटना तक का पूरा घटनाक्रम लगभग 30 सेकंड तक चला। रिपोर्ट में फिलहाल ऐसा कुछ नहीं मिला है जिसके आधार पर बोइंग 787-8 विमान और जीई जेनएक्स-1बी इंजन बनाने वाली कंपनी के लिए कोई चेतावनी जारी करनी पड़े।
Also Read: T20 World Cup 2026: इटली ने क्रिकेट वर्ल्ड में मचाया धमाल, वर्ल्डकप के लिए क्वालीफाई कर रचा इतिहास

