राजा राघुवंशी हत्याकांड से जुड़ा बड़ा खुलासा, सबूत छुपाने के आरोप में प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: मेघालय राजा रधुवंशी हनीमून हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। इंदौर पुलिस ने रविवार को प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स को सबूत छिपाने और मामले से जुड़े अहम साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। शिलोम पर आरोप है कि उसने हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी का एक काला बैग ठिकाने लगाने में मदद की थी।
काले बैग में थे 5 लाख रुपये, गहने और पिस्तौल
पुलिस के मुताबिक, उस काले बैग में सोनम के कपड़े, गहने, 5 लाख रुपये नकद और एक देसी पिस्तौल मौजूद थी, जो इस हत्याकांड से जुड़े बेहद अहम सबूत थे। इस बात का खुलासा मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपी विशाल उर्फ विक्की चौहान ने किया। उसने बताया कि सोनम ने अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के बाद उसे एक ऑनलाइन ऑटो बुक करने को कहा था। सोनम ने ही उसे यह बैग दिया था।
CCTV फुटेज से खुली साजिश की परतें
पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो चौंकाने वाला सच सामने आया। फुटेज में शिलोम को उस फ्लैट से एक काला बैग ले जाते हुए देखा गया, जहां सोनम छिपी हुई थी। इसके बाद वह उस बैग को अपनी कार में रखते हुए नजर आया। जब पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए समन भेजा, तो उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और इंदौर-देवास रोड पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
ऑटो ड्राइवर से लेकर ठिकाने तक की कड़ी खुली
जांच में यह भी सामने आया कि बैग को जिस ऑटो में भेजा गया था, उस ड्राइवर को भी ट्रैक कर लिया गया है। ड्राइवर ने बताया कि उसने ही वह बैग हीराबाग इलाके में पहुंचाया था, जहां सोनम छिपी हुई थी। पुलिस ने हीराबाग स्थित फ्लैट पर छापा भी मारा, लेकिन तब तक बैग वहां से गायब हो चुका था। सोनम रघुवंशी पर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। उसने विशाल चौहान को सुपारी देकर यह हत्या करवाई थी। अब यह सामने आ रहा है कि हत्या के बाद सबूत नष्ट करने में शिलोम जेम्स जैसे स्थानीय लोग भी मदद कर रहे थे।
Also Read: Bareilly: अवैध मादक पदार्थ तस्करी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, स्मैक और चरस बरामद

