BIGG BOSS 19: राम कपूर से मुनमुन दत्ता तक, सामने आई संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट!
Sandesh Wahak Digital Desk: सलमान खान के बहुप्रतीक्षित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
शो का ग्रैंड प्रीमियर 24 अगस्त 2025 को होने जा रहा है और मेकर्स ने इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
हालांकि, अभी तक आधिकारिक कंटेस्टेंट लिस्ट जारी नहीं की गई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कई बड़े नाम शो में शामिल हो सकते हैं।
राम कपूर और गौतमी कपूर की जोड़ी कर सकती है वापसी

टेलीविजन की लोकप्रिय जोड़ी राम कपूर और गौतमी कपूर को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि वे बिग बॉस 19 का हिस्सा बन सकते हैं।
हालांकि, इस बारे में न तो कपल और न ही मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि हुई है, लेकिन अगर यह सच होता है तो शो में एक पावर कपल की एंट्री से रोमांच और बढ़ जाएगा।
बबीता जी मचाएंगी धमाल? चर्चा में मुनमुन दत्ता का नाम

‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बबीता जी का किरदार निभाकर घर-घर मशहूर हुईं मुनमुन दत्ता के भी शो में शामिल होने की चर्चा है।
फैंस उन्हें एक अलग अवतार में देखने के लिए बेताब हैं, हालांकि मुनमुन ने खुद इस बारे में कुछ नहीं कहा है।
धीरज कपूर और फैजल शेख भी हो सकते हैं प्रतिभागी

‘कुंडली भाग्य’ फेम अभिनेता धीरज कपूर को लेकर खबरें हैं कि वह भी बिग बॉस हाउस में नजर आ सकते हैं। साथ ही सोशल मीडिया सेंसेशन फैजल शेख भी इस सीजन में एंट्री कर सकते हैं। फैजल, जन्नत जुबैर संग अपने ब्रेकअप को लेकर पहले ही चर्चा में रह चुके हैं।
‘द ट्रेटर्स’ फेम अपूर्वा मखीजा और पूरब झा की एंट्री पर भी अटकलें

‘द रिबेल किड’ के नाम से फेमस अपूर्वा मखीजा और यूट्यूबर पूरब झा को भी शो के संभावित कंटेस्टेंट्स में गिना जा रहा है। ‘द ट्रेटर्स’ में इन दोनों की परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया था, और अब फैंस उन्हें बिग बॉस में देखने के लिए उत्सुक हैं।
गुरुचरण सिंह की वापसी की उम्मीद

टेली चक्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में रोशन सिंह सोढ़ी का किरदार निभाने वाले गुरुचरण सिंह भी शो में नजर आ सकते हैं।
हालांकि, अभी तक किसी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन उनकी टीवी पर वापसी को लेकर फैंस खासे एक्साइटेड हैं।
बिग बॉस 19 को लेकर दर्शकों की उत्सुकता अपने चरम पर है, लेकिन शो के मेकर्स ने अब तक किसी भी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। उम्मीद की जा रही है कि अगस्त के पहले सप्ताह में कंटेस्टेंट्स की फाइनल लिस्ट सामने आएगी।
सलमान खान की होस्टिंग और नए ट्विस्ट की उम्मीद

हर बार की तरह इस सीजन में भी सलमान खान होस्ट की भूमिका निभाएंगे। सूत्रों की मानें तो इस बार शो के फॉर्मेट और थीम में कुछ नए ट्विस्ट देखने को मिल सकते हैं।
Also Read: कंगना रनौत को हाईकोर्ट से झटका, मानहानि मामले में नहीं मिली राहत

