Bihar Election: CM नीतीश ने 2500 करोड़ की सौगात देकर साधा ‘साइलेंट’ वोटर, कहा- चुनाव में ध्यान दीजिएगा

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़ा राजनीतिक दांव खेलते हुए ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की पहली किस्त आज सीधे 25 लाख महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। प्रत्येक लाभार्थी को ₹10,000 की राशि मिली है, जिसने राज्य की राजनीति में बड़ी हलचल मचा दी है। इस बड़े आर्थिक लाभ के साथ ही, मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए चुनावी अपील भी कर डाली, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि इस योजना को लागू करने का समय राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है।

1 करोड़ महिलाओं को लाभ देने की तैयारी

यह योजना राज्य की महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना को तेजी से लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना की शुरुआत की थी, जिसके तहत 75 लाख महिलाओं को पहली किश्त दी गई थी। आज 25 लाख महिलाओं को राशि मिलने के बाद, अब तक कुल 1 करोड़ महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि जो महिलाएं शेष रह गई हैं, उन्हें 6 अक्टूबर को भी राशि दे दी जाएगी, और उसके बाद हर हफ्ते राशि ट्रांसफर करने का काम जारी रहेगा।

‘चुनाव आ रहा है, आप लोग ध्यान दीजिएगा’: CM की सीधी अपील

लाभार्थियों को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने विकास कार्यों का बखान किया और राजनीतिक विरोधियों, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के शासनकाल, पर कड़ा निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र के सहयोग से बिहार में खूब काम हो रहा है, लेकिन उन्होंने पिछली सरकारों पर अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि “पहले कोई काम नहीं किया गया था” और “कानून का राज नहीं था।” नीतीश कुमार ने महिलाओं को संबोधित करते हुए जो सबसे कैची और सीधा चुनावी संदेश दिया, वह था “चुनाव आ रहा है, आप लोग ध्यान दीजिएगा…”

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में महिला मतदाता हमेशा से नीतीश कुमार का एक मजबूत वोट बैंक रही हैं। चुनावी साल में 25 लाख महिलाओं को सीधे आर्थिक लाभ पहुंचाना, महिला मतदाताओं को उनके समर्थन की याद दिलाने और सियासी हवा को अपने पक्ष में मोड़ने का एक ‘मास्टरस्ट्रोक’ माना जा रहा है।

Also Read: Lucknow News: सहारा समूह के कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन, लंबित वेतन और पीएफ भुगतान की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.