Bihar Election: महनार में तेज प्रताप को RJD समर्थकों ने खदेड़ा, ‘तेजस्वी जिंदाबाद’ के लगाए नारे
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को बुधवार शाम महनार विधानसभा क्षेत्र में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। RJD समर्थकों ने उनकी चुनावी सभा में जमकर ‘तेजस्वी यादव जिंदाबाद’ और ‘लालटेन छाप जिंदाबाद’ के नारे लगाए, जिसके बाद आक्रोशित समर्थकों ने तेज प्रताप के काफिले को कुछ दूर तक खदेड़ दिया।
RJD समर्थकों के विरोध का सामना
यह घटना तब हुई, जब तेज प्रताप यादव अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) के उम्मीदवार जय सिंह राठौर के लिए हीरानंद उच्च विद्यालय के प्रांगण में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
तेज प्रताप यादव ने शाम 5 बजे से 6 बजे के बीच सभा को संबोधित किया। जब वह सभा कर सड़क मार्ग से अपने इलाके महुआ के लिए रवाना हो रहे थे, तभी RJD समर्थकों ने उनका रास्ता रोका और नारेबाजी की। तेज प्रताप हेलीकॉप्टर से महनार पहुंचे थे, लेकिन देर होने के कारण हेलीकॉप्टर उन्हें उतारकर वापस चला गया था, जिसके चलते उन्हें सड़क मार्ग से लौटना पड़ा।
JJD उम्मीदवार ने लगाया साजिश का आरोप
JJD उम्मीदवार जय सिंह राठौर ने इस विरोध को RJD के गुंडों द्वारा अंजाम देने की बात कही है। राठौर ने सीधे तौर पर यहां के RJD उम्मीदवार रविंद्र सिंह पर यह साजिश रचने का आरोप लगाया है।
राठौर ने आरोप लगाया कि “RJD उम्मीदवार रविंद्र सिंह ने टिकट खरीदने में ₹15-16 करोड़ रुपये और चुनाव में ₹5-6 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। जीत नहीं होने पर वे इसी तरीके का हमला करवाएंगे और जंगल राज स्थापित करना चाहते हैं, लेकिन जनता सब जान चुकी है।” राठौर ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है।
यादव परिवार में तनाव
तेज प्रताप यादव का RJD के प्रति अलग रुख और अपनी अलग पार्टी बनाना लालू परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहे तनाव को उजागर करता है। हाल ही में ‘जन नायक’ विवाद पर भी तेज प्रताप ने तेजस्वी के खिलाफ बयानबाजी करते हुए कहा था कि तेजस्वी यादव लालू प्रसाद यादव की छत्रछाया में रहकर खुद को जननायक बता रहे हैं, जबकि असली जननायक वे होते हैं जो जनता से सीधे जुड़कर काम करते हैं (जैसे लालू, कर्पूरी ठाकुर, अंबेडकर और गांधी)।
इससे पहले तेज प्रताप ने यह भी कहा था कि अगर तेजस्वी उनके खिलाफ प्रचार करने महुआ आएंगे, तो वह भी तेजस्वी के निर्वाचन क्षेत्र राघोपुर प्रचार करने जाएंगे।
Also Read: LDA में करोड़ों का फर्जीवाड़ा: फ्लैटों के नकली आवंटन पत्र जारी, जाली हस्ताक्षर का उपयोग, FIR दर्ज

