बिहार चुनाव 2025: कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना, 46 केंद्रों पर 28 हजार से अधिक कर्मी संभालेंगे मोर्चा

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कल शुक्रवार, 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। निर्वाचन आयोग (EC) ने सुबह आठ बजे से ही अपने आधिकारिक पोर्टल पर परिणाम और रुझान की सेवा चालू करने का नियम बनाया है। राज्य के सभी जिलों के मतगणना केंद्र उसी समय से गिनती की कार्रवाई शुरू कर देंगे।

बता दें कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए कुल 2666 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनके भाग्य का फैसला कल होगा। राज्यभर में मतगणना के लिए कुल 46 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें पटना का मुख्य केंद्र भी शामिल है। हर केंद्र पर ईवीएम स्ट्रॉन्गरूम के साथ गिनती की कक्षाएं पूरी तरह सुरक्षित रखी गई हैं।

मतगणना की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। गिनती के लिए लगभग 28,370 मतगणना कर्मियों को नियुक्त किया गया है, जिन्हें विशेष ट्रेनिंग दी गई है। हर केंद्र पर निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों और माइक्रो-ऑब्जर्वरों की टीम भी मौजूद रहेगी।

ऑनलाइन होगी परिणामों की एंट्री

निर्वाचन पदाधिकारियों ने बताया है कि सभी मतगणना केंद्रों पर ईवीएम से जुड़ी कागजी प्रक्रिया (जैसे फॉर्म-20) का सख्ती से पालन होगा। परिणामों की प्रविष्टि रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन की जाएगी, ताकि ट्रेंड-डेटा समय पर सार्वजनिक हो सके। चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा सभी फॉर्म-20 के समावेश के बाद ही की जाएगी।

सुरक्षा के लिए 4 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात

मतगणना के दिन शांतिपूर्ण माहौल और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और आयोग दोनों पूरी तरह चौकस हैं। सुरक्षा के लिहाज़ से मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और राज्य पुलिस का तीन-स्तरीय गार्ड लगाया गया है। पूरे चुनावी अभियान के दौरान चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी और मतगणना के दिन भी यही रणनीति लागू रहेगी ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना शून्य हो। स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना हॉल पर चौबीसों घंटे सीसीटीवी निगरानी और प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों के लिए मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।

Also Read: अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर ईडी का शिकंजा, फंडिंग की होगी जांच

Get real time updates directly on you device, subscribe now.