Bihar Elections 2025: महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को बनाया मुख्यमंत्री चेहरा, कांग्रेस-आरजेडी में बनी सहमति
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के विपक्षी गठबंधन दल इंडिया अलायंस में बिहार चुनाव (Bihar Elections) के लिए लंबे समय से चल रही नाराजगी अब खत्म होती नजर आ रही है। आरजेडी सूत्रों के मुताबिक, महागठबंधन के घटक दलों के बीच आखिरकार सहमति बन गई है और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने पर सबका ऐकमत हो गया है। इस फैसले की औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन के सीएम कैंडिडेट
बताया जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Elections 2025) के मद्देनज़र आरजेडी-कांग्रेस में सहमति बन चुकी है कि तेजस्वी यादव महागठबंधन का चेहरा होंगे। आज सभी दलों के नेताओं की मौजूदगी में तेजस्वी के नाम पर आधिकारिक मुहर लगने की संभावना है। साथ ही महागठबंधन जल्द ही “चलो बिहार, बिहार बदलें” नारे के साथ चुनावी अभियान की शुरुआत करेगा।

पटना में प्रेस कांफ्रेंस की तैयारी पूरी
सूत्रों के मुताबिक, महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस पटना के मौर्या होटल में आयोजित की जाएगी, जहां सभी सहयोगी दलों के प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। इस प्रेस कांफ्रेंस के पोस्टर पर केवल तेजस्वी यादव की तस्वीर लगाई गई है, जबकि बाकी किसी भी नेता की फोटो शामिल नहीं की गई है। पोस्टर पर सिर्फ आरजेडी, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एम), सीपीआई (एमएल) और आईआईआईपी के चुनाव चिह्न लगाए गए हैं।
कांग्रेस से बातचीत के बाद बनी सहमति
बताया जा रहा है कि सीट बंटवारे को लेकर इंडिया गठबंधन में पिछले कई दिनों से असंतोष था। कांग्रेस समेत कई दल सीट शेयरिंग के फॉर्मूले से खुश नहीं थे। यही वजह थी कि गठबंधन के अंदर कई सीटों पर सहयोगी दल एक-दूसरे के खिलाफ उतरने को तैयार हो गए थे।इस संकट को सुलझाने के लिए बुधवार (22 अक्टूबर) को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार चुनाव प्रभारी अशोक गहलोत ने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद गहलोत ने भरोसा जताया था कि इंडिया गठबंधन में सबकुछ ठीक है और जल्द स्थिति स्पष्ट होगी।
प्रेस कांफ्रेंस में हो सकता है बड़ा ऐलान
कांग्रेस और आरजेडी के बीच हुई इस बातचीत के बाद अब गठबंधन के सभी दलों ने तेजस्वी यादव के नाम पर सहमति जताई है। माना जा रहा है कि पटना में होने वाली प्रेस कांफ्रेंस के दौरान महागठबंधन तेजस्वी यादव को आधिकारिक तौर पर सीएम कैंडिडेट घोषित करेगा। साथ ही यह भी संभावना जताई जा रही है कि इस मौके पर सहयोगी दल उन सीटों से अपने उम्मीदवार वापस ले सकते हैं, जहां वे एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव मैदान में थे। वहीं तेजस्वी यादव के चेहरे पर बनी यह सहमति (Bihar Elections 2025) के लिए बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ लेकर आ सकती है, जहां विपक्ष एकजुट होकर सत्ता पक्ष को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है।
Also Read: Lucknow News: रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल होने पर डीजीपी ने 11 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

