बिहार चुनाव: महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर आज होगा फैसला, कुछ देर में राहुल-तेजस्वी की अहम बैठक
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक तरफ जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीट शेयरिंग को लेकर अंतिम सहमति बन चुकी है, वहीं महागठबंधन में अभी भी सीटों के बंटवारे को लेकर गतिरोध बरकरार है। हालांकि, आज इस गतिरोध के खत्म होने की उम्मीद है।
सीट शेयरिंग फॉर्मूला सामने आने के बाद NDA आज शाम 4 बजे पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन के दलों के बीच सीटों के बंटवारे का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। शनिवार को दिल्ली में हुई बैठकों में NDA ने उम्मीदवारों के नामों पर भी मंथन किया था।
महागठबंधन में आज राहुल-तेजस्वी की अहम बैठक
महागठबंधन में सीट बंटवारे में हो रही देरी से सहयोगी दलों में बेचैनी बढ़ने लगी है। रविवार को वीआईपी चीफ मुकेश सहनी ने महागठबंधन की सेहत पर तंज कसा, जिसके बाद बिहार पीसीसी चीफ को डैमेज कंट्रोल में उतरना पड़ा। इन सबके बीच, महागठबंधन के सीट शेयरिंग फॉर्मूले को अंतिम रूप देने के लिए आज राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के बीच चर्चा हो सकती है। इस बैठक के बाद ही महागठबंधन अपने सीटों के बंटवारे का ऐलान कर सकता है।
उपेन्द्र कुशवाहा ने समर्थकों से मांगी माफी
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने NDA में सीटों की संख्या उम्मीद के मुताबिक न मिलने पर अपने समर्थकों को एक भावुक संदेश जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर लिखा, “आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पायी… परन्तु आप सभी मेरी एवं पार्टी की विवशता और सीमा को बखूबी समझ रहे होंगे।”
इस बीच, जनसुराज पार्टी भी आज दोपहर 2 बजे अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी करने की तैयारी में है, जिसमें सूत्रों के अनुसार 100 उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं।
Also Read: ‘मायावती बीजेपी के इशारे पर चल रही हैं’, शिवपाल यादव ने किया बिहार चुनाव से यूपी में बदलाव का दावा

