बिहार चुनाव: सुगौली सीट पर महागठबंधन का बड़ा दांव, तेज प्रताप की पार्टी के प्रत्याशी को दिया समर्थन
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले, राज्य की सुगौली सीट पर महागठबंधन ने एक बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। नामांकन रद्द होने के बाद, महागठबंधन ने लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी के प्रत्याशी श्याम किशोर चौधरी को अपना समर्थन देने की औपचारिक घोषणा कर दी है। महागठबंधन के इस कदम को चुनाव के बाद संभावित समीकरणों के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
VI P ने किया समर्थन का ऐलान
मिली जानकारी के अनुसार, सुगौली विधानसभा सीट पर विकासशील इंसान पार्टी (VIP) समेत महागठबंधन के सभी घटक दलों ने श्याम किशोर चौधरी को समर्थन देने की घोषणा की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए VIP के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने बताया कि पार्टी सुप्रीमो मुकेश सहनी के निर्देशानुसार और महागठबंधन के सभी घटक दलों से विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया गया है। श्याम किशोर चौधरी केवट समाज से आते हैं।
देव ज्योति ने पुष्टि की कि श्याम किशोर चौधरी को अब महागठबंधन का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। उन्होंने VIP के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पूरी एकजुटता के साथ चौधरी का साथ देने की अपील की और कहा कि महागठबंधन के सभी घटक दल उन्हें भारी मतों से जीत दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
क्या था सीट का विवाद?
दरअसल, महागठबंधन में सीट शेयरिंग के दौरान सुगौली विधानसभा सीट VIP के हिस्से में आई थी। VIP ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारा था, लेकिन तकनीकी त्रुटि के कारण महागठबंधन के मूल प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया था। इसके बाद, अब महागठबंधन ने इस सीट पर तेज प्रताप यादव की पार्टी के बैनर तले चुनावी मैदान में उतरे श्याम किशोर चौधरी को समर्थन देने का फैसला किया है।

