बिहार चुनाव: यूपी सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 7,409 लीटर अवैध शराब जब्त; 200 से ज्यादा तस्कर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर, उत्तर प्रदेश से बिहार सीमा तक की जा रही अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राज्य की सीमा पर चौकसी के दौरान अब तक 7,409 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है।
पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में 200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है और इस संबंध में 197 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा, लगभग चार किलो मादक पदार्थ के साथ चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
सीमा पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
आईजी कानून-व्यवस्था एलआर कुमार ने बताया कि बिहार राज्य की सीमा उत्तर प्रदेश के 7 ज़िलों (देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, गाजीपुर, चंदौली, बलिया और सोनभद्र) के 40 थानों से होकर गुज़रती है, जिसकी कुल लंबाई लगभग 524 किमी है।
बिहार में प्रथम चरण का मतदान गुरुवार को उन 15 विधानसभा क्षेत्रों में संपन्न हुआ, जो कुशीनगर, देवरिया, बलिया व गाजीपुर सीमा से सटे हैं। 11 नवंबर को होने वाले द्वितीय चरण के मतदान के लिए महराजगंज, कुशीनगर, गाजीपुर, चंदौली व सोनभद्र से सटी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
सीमावर्ती जिलों में 94 नाका-बैरियर (जिनमें 51 मिरर चेकपोस्ट और 45 सीसीटीवी चेकपोस्ट शामिल हैं) स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा के लिए 40 कंपनी पीएसी बल आवश्यक संसाधनों के साथ तैनात किया गया है।
Also Read: यातायात माह: कैसरगंज कोतवाल ने नुक्कड़ सभा कर ड्राइवरों को बताए सुरक्षा के ‘गुर’

