बिहार चुनाव: RJD का दो-टूक बयान, इस फॉर्मूले पर होगा सीटों का बंटवारा; तेजस्वी ही CM चेहरा

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज़ हो गई है, जहां सभी दल सीट शेयरिंग को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बिहार अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने गठबंधन और सीट बँटवारे पर बड़ा बयान दिया है।

सीट शेयरिंग पर RJD का रुख सख्त

मंगनी लाल मंडल ने सहयोगी दलों द्वारा ज़्यादा सीटें मांगे जाने पर स्पष्ट किया कि इस बार सीटों का बंटवारा 2024 लोकसभा चुनाव के फॉर्मूले के आधार पर ही होगा। उन्होंने कहा, “सहयोगी दल ज़्यादा सीटें मांग रहे हैं, लेकिन हम उसी फॉर्मूले के तहत सीट शेयरिंग चाहते हैं। हमने सहयोगी दलों को यह फॉर्मूला भेज दिया है। अगले 48 घंटे में सीट शेयरिंग का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा।”

मंडल ने यह भी कहा कि RJD ने अपने उम्मीदवारों को उन सीटों पर नामांकन दाखिल करने के लिए कह दिया है जहाँ कोई विवाद नहीं है। उन्होंने इस कदम को सही ठहराते हुए कहा कि घोषणा पत्र और संयुक्त उम्मीदवारों के ऐलान के बाद तेजस्वी यादव को औपचारिक रूप से महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर दिया जाएगा।

तेजस्वी ही CM चेहरा, कांग्रेस पर साधा निशाना

मंडल ने दोहराया कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा हैं, जो 2020 में भी थे। 2020 चुनाव का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर हार का ठीकरा फोड़ा। उन्होंने कहा 2020 में कांग्रेस को हम लोगों ने 70 सीट दी, 51 सीट कांग्रेस हार गई, इसलिए सरकार बनाने से हम लोग वंचित रह गए और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नहीं बन पाए। सहयोगी दलों को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपने उम्मीदवार और जनाधार देखकर ही सीटों की मांग करनी चाहिए।

चिराग, मांझी और कुशवाहा के लिए महागठबंधन में कोई जगह नहीं

अन्य दलों के महागठबंधन में शामिल होने की संभावना पर मंगनी लाल मंडल ने स्पष्ट कर दिया कि चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के लिए महागठबंधन में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि RJD के पास पहले से ही एक सीट पर कई दावेदार उम्मीदवार मौजूद हैं।

Also Read: खाद की कालाबाज़ारी पर भड़के राकेश टिकैत, बोले- MSP के लिए बड़े आंदोलन की तैयारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.