बिहार चुनाव: NDA गठबंधन को झटका, एक्ट्रेस सीमा सिंह का नामांकन रद्द

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को एक बड़ा झटका लगा है। छपरा जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (LJP-रामविलास) की प्रत्याशी और प्रसिद्ध भोजपुरी अभिनेत्री सीमा सिंह का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है।

तकनीकी खामियों के कारण नामांकन अमान्य

निर्वाचन सूत्रों के मुताबिक, सीमा सिंह के नामांकन पत्र की जाँच के दौरान कुछ तकनीकी खामियाँ पाई गईं, जिसके चलते निर्वाचन अधिकारी ने उनका पर्चा अमान्य घोषित कर दिया। सीमा सिंह, जो हाल ही में चिराग पासवान की पार्टी से जुड़कर राजनीति में कदम रख रही थीं, अब चुनाव की दौड़ से बाहर हो गई हैं। मढ़ौरा सीट पहले चरण के मतदान के लिए निर्धारित है और नामांकन रद्द होने के कारण इस सीट पर NDA की स्थिति कमजोर मानी जा रही है।

मढ़ौरा में बदला चुनावी समीकरण

सीमा सिंह का नामांकन रद्द होने के बाद मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र का चुनावी समीकरण बदल गया है। अब इस सीट पर मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जनसुराज पार्टी के बीच होने की संभावना है। RJD की तरफ से निवर्तमान विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रहे जितेंद्र कुमार राय प्रत्याशी हैं। चिराग पासवान ने सीमा सिंह को टिकट देकर इस सीट पर मुकाबला रोचक बनाने की कोशिश की थी, लेकिन अब NDA का प्रतिनिधित्व करने वाला कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं है।

सीमा सिंह की शैक्षणिक योग्यता

नामांकन के दौरान दाखिल चुनावी शपथपत्र के मुताबिक, सीमा सिंह ने अपनी शैक्षणिक योग्यता और संपत्ति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया था। शपथपत्र के अनुसार, उन्होंने वर्ष 1999 में ठाणे (महाराष्ट्र) स्थित द रेम हेगर हिंडे हाई स्कूल, डोंबिवली (पूर्व) से नौवीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

आपको बता दें कि बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को निर्धारित है। NDA गठबंधन ने सभी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर दी थी, जिसमें LJP (रामविलास) को 29 सीटें आवंटित की गई थीं।

Also Read: पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर ने दी गीदड़भभकी, कहा- हमारे हथियार बदल देंगे भारत का भूगोल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.