बिहार सरकार का दिवाली-छठ तोहफा, राज्यकर्मियों और पेंशनभोगियों का बढ़ाया महंगाई भत्ता
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार सरकार ने आगामी दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर राज्यकर्मियों और पेंशनभोगियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ता (DA) को 55% से बढ़ाकर 58% करने के ऐतिहासिक फैसले पर मुहर लगाई गई है।
केंद्र की तर्ज पर DA वृद्धि लागू
यह बढ़ोतरी केंद्र सरकार की तर्ज पर लागू की गई है, जिससे विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्यकर्मियों की आर्थिक स्थिति को बड़ी राहत मिलेगी। नए निर्णय के अनुसार, अब सभी राज्यकर्मियों और पेंशनभोगियों को 58% महंगाई भत्ता मिलेगा।
कैबिनेट में 129 एजेंडों पर मुहर
- राज्य कैबिनेट ने कुल 129 एजेंडों पर मुहर लगाई, जिनमें कई महत्वपूर्ण विकास कार्य और कर्मचारियों से जुड़े फैसले शामिल हैं।
- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत सभी कॉन्ट्रैक्ट कर्मियों के मानदेय में 10% प्रोत्साहन राशि की वृद्धि का फैसला लिया गया।
- सात निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित ‘मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना’ में स्नातक (कला, विज्ञान और वाणिज्य) उत्तीर्ण लाभार्थियों को भी शामिल करते हुए योजना में आंशिक संशोधन की स्वीकृति दी गई।
- बिहार सचिवालय आशुलिपिक सेवा के विभिन्न ग्रेड के पदों का पुनर्गठन किया गया और वरीय प्रधान आप्त सचिव के नए पद का सृजन किया गया।
चुनाव तैयारियों के लिए ₹122 करोड़ स्वीकृत
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर निर्वाचन विभाग से जुड़े कई बड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में राज्य स्कीम से कंट्रोल कमांड सेंटर के निर्माण पर ₹9.15 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति मिली। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के वार्षिक मानदेय, बीएलओ किट और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के संभावित अतिरिक्त खर्च के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में ₹122 करोड़ का प्रबंध बिहार आकस्मिकता निधि के माध्यम से किया जाएगा।
Also Read: ‘टीम लखनऊ’ का हिमाचल राहत अभियान शुरू, पंजाब के मंत्री हरभजन सिंह से मिलकर रवाना हुई टीम

