बिहार महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर मैराथन मंथन, VIP प्रमुख मुकेश सहनी का दावा- मैं बनूंगा डिप्टी सीएम
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के संभावित ऐलान से पहले, विपक्षी महागठबंधन में सीट शेयरिंग और नेतृत्व के मुद्दे को लेकर कवायद तेज हो गई है। रविवार देर शाम, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर घटक दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जो करीब पाँच घंटे तक चली।
इस मैराथन बैठक के बाद, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने दावा किया कि बातचीत फाइनल हो गई है।
मुकेश सहनी का बड़ा दावा
तेजस्वी यादव के आवास से बाहर निकलते हुए मुकेश सहनी ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए एक बड़ा दावा किया। समाचार एजेंसियों के मुताबिक, एक सवाल पर उन्होंने कहा “शुभ-शुभ बोलिए, हम ही सरकार बनाएंगे और मैं ही डिप्टी सीएम बनूंगा।”
उन्होंने यह भी बताया कि गठबंधन में सीटों के बंटवारे और अन्य विषयों पर 6 अक्टूबर को भी बैठक होगी। इसका उद्देश्य यह है कि किसी भी विषय पर किसी के मन में कोई संशय न रहे। सहनी ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हर विषय पर विस्तृत ऐलान कर दिया जाएगा।
RJD और कांग्रेस का बयान
महागठबंधन की अगुवाई कर रहे राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के महासचिव आलोक मेहता ने बैठक के बाद बताया कि ज्यादातर बिंदुओं पर चर्चा हुई है, लेकिन कुछ विषय अब भी सुलझाए जाने बाकी हैं। उन्होंने दावा किया कि दो दिन के भीतर हर विषय सुलझ जाएगा और जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका ऐलान किया जाएगा।
वहीं, बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार और प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि सीट शेयरिंग और संभावित उम्मीदवारों जैसे प्रमुख विषयों पर जोर देकर चर्चा की गई।
चुनाव आयोग का दौरा
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अगुवाई में चुनाव आयोग की टीम दो दिन के दौरे पर बिहार पहुंची थी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने यह दावा किया था कि राज्य में चुनाव प्रक्रिया 22 नवंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।
Also Read: बिहार विधानसभा चुनाव 2025: आज शाम 4 बजे होगा तारीखों का ऐलान, चुनाव आयोग ने बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस

