बेऊर जेल से विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह, विधायक पद की ली शपथ, फिर नीतीश कुमार के पैर छूकर लिया आशीर्वाद
Sandesh Wahak Digital Desk: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अब आधिकारिक तौर पर बिहार विधानसभा के सदस्य बन गए हैं। मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उन्होंने विधायक पद की शपथ ग्रहण की। शपथ लेने के तुरंत बाद अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास जाकर उनके पैर छुए और आशीर्वाद लिया, जिसे देख सदन में मौजूद अन्य सदस्य भी हैरान रह गए।
अनंत सिंह को पटना सिविल कोर्ट ने विशेष रूप से शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की अनुमति दी थी। दुलारचंद यादव हत्याकांड में अब तक जमानत न मिलने के कारण वे बेऊर जेल में बंद हैं। अदालत ने साफ किया था कि वे केवल शपथ लेने के लिए विधानसभा जा सकते हैं और इसके अलावा किसी अन्य गतिविधि में शामिल नहीं हो सकते।
अनंत सिंह को जेल से विधानसभा तक लाने के लिए सुरक्षा के असाधारण इंतजाम किए गए थे। एस्कॉर्ट वाहनों का काफिला, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस बल के बीच उन्हें सदन लाया गया। उनके समर्थकों को विधानसभा परिसर के आसपास जुटने की सख्त मनाही थी। शपथ की प्रक्रिया पूरी होते ही उन्हें दोबारा कड़ी सुरक्षा में बेऊर जेल वापस भेज दिया गया।
विधायक बनने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए अनंत सिंह ने अपनी देरी का कारण खराब सेहत को बताया। उन्होंने कहा, तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए शपथ लेने में समय लगा। अब अदालत ने मौका दिया तो आज अपनी जिम्मेदारी पूरी की। जेल से बाहर आने के सवाल पर उन्होंने न्यायिक व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि यह उनके हाथ में नहीं है, जब जज साहब का आदेश होगा तभी वे पूरी तरह बाहर आएंगे।
Also Read: अमेरिका ट्रेड डील की शर्तों पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, बीजेपी पर बोला तीखा हमला

