Bihar News: CM नीतीश कुमार ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा, 17वीं विधानसभा भंग

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में नई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ ही 17वीं बिहार विधानसभा भंग हो गई है। नीतीश कुमार ने तत्काल ही राज्यपाल के समक्ष नई सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है।

एनडीए विधायक दल के नेता चुने गए नीतीश

इस्तीफा सौंपने से कुछ देर पहले ही नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुन लिया गया था। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी घटक दलों ने समर्थन दिया।

भाजपा ने चुने अपने नेता

भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की आज आयोजित बैठक में पार्टी ने भी अपने विधायी नेतृत्व का चुनाव कर लिया।

  • भाजपा विधायक दल के नेता: सम्राट चौधरी

  • भाजपा विधायक दल के उपनेता: विजय कुमार सिन्हा

केंद्रीय पर्यवेक्षक और उत्तरप्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इन नामों की औपचारिक घोषणा की। दोनों नेताओं ने सर्वसम्मति से चुने जाने पर पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने भी नीतीश कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुन लिया था।

कल होगा शपथ ग्रहण

बिहार की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कल, 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्य भी शपथ लेंगे।

Also Read: विधायक जनता के सबसे करीब, इसलिए आलोचना भी ज्यादा: विधानसभा अध्यक्ष

Get real time updates directly on you device, subscribe now.