Bihar News: तेज प्रताप यादव ने VVIP पार्टी के साथ गठबंधन का किया ऐलान, तेजस्वी को लेकर भी कही ये बात

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले, लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक बड़ा राजनीतिक दांव चला है। आरजेडी से नाराज चल रहे तेज प्रताप ने मंगलवार को एक नई पार्टी, वंचित विकास इंसान पार्टी (वीवीआईपी), के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह महुआ सीट से चुनाव लड़ेंगे और यह लड़ाई अब अपने नए सहयोगी के साथ मिलकर लड़ी जाएगी।

‘दुश्मनों को लगेगा कि हम आगे बढ़ रहे हैं’

पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि कई पार्टियां उनके साथ जुड़ रही हैं। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा एक जनप्रतिनिधि को जमीन से जुड़कर जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव की पार्टी वीआईपी को बहरूपिया बताया और कहा कि वे सभी समाज को साथ लेकर चलेंगे। तेज प्रताप ने यह भी कहा कि उनकी ताकत को कमजोर करने के लिए कई लोग कोशिश करेंगे, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि आरजेडी और कांग्रेस के लोग भी उनके साथ आ सकते हैं।

तेजस्वी को लेकर क्या बोले?

जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या तेजस्वी यादव महुआ से चुनाव लड़ेंगे, तो तेज प्रताप ने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “तेजस्वी को हम शुरू से आशीर्वाद दे रहे हैं। मुझे पद का कोई लालच नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि वह यादव और मुसलमान समाज को एक साथ लेकर चलेंगे।

तेज प्रताप ने आरजेडी को अपने गठबंधन के साथ आने का न्योता दिया और कहा कि जो लोग तेजस्वी के खिलाफ साजिश रच रहे हैं, उनका पर्दाफाश जल्द होगा। उन्होंने महुआ के मौजूदा विधायक मुकेश रोशन पर भी तंज कसते हुए कहा कि अगर वह सीट के लिए रो रहे हैं, तो वह उन्हें ‘झुनझुना’ पकड़ा देंगे।

क्या है वीवीआईपी पार्टी?

वीवीआईपी एक नई पार्टी है, जिसके अध्यक्ष प्रदीप निषाद हैं। खास बात यह है कि प्रदीप निषाद पहले मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी में थे, जो फिलहाल महागठबंधन का हिस्सा है। ऐसे में तेज प्रताप का यह नया गठबंधन, बिहार की राजनीति में एक दिलचस्प समीकरण बनाता दिख रहा है।

 

Also Read: बाहुबली नेता अनंत सिंह को पटना हाई कोर्ट से सख्त शर्तों के साथ मिली जमानत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.