नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए भरा पर्चा, अमित शाह की मौजूदगी में NDA के 5 उम्मीदवारों ने किया नामांकन
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की सियासत में आज का दिन बड़े बदलावों का गवाह बना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद मौजूद रहे, जो एनडीए के भीतर नीतीश कुमार के कद और गठबंधन की मजबूती का बड़ा संकेत है।
नामांकन से ठीक पहले नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि पिछले दो दशकों से बिहार की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया, उसी की बदौलत वह सेवा कर पाए। अपनी भविष्य की योजना पर उन्होंने साफ कहा, संसदीय जीवन की शुरुआत से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों (विधानसभा और विधान परिषद) के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) का सदस्य बनूं। इसी क्रम में मैं इस बार राज्यसभा जाना चाह रहा हूं।
नामांकन से पहले राजनीतिक हलचल तब तेज हो गई जब गृह मंत्री अमित शाह सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुँचे। वहां नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच लंबी बैठक हुई। इस मुलाकात को भले ही शिष्टाचार भेंट कहा गया, लेकिन सूत्रों की मानें तो इसमें बिहार की भावी सरकार और सत्ता के नए समीकरणों पर अहम चर्चा हुई है। विधानसभा परिसर में एनडीए के सभी पांचों उम्मीदवारों नीतीश कुमार (जदयू), नितिन नवीन (भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष), रामनाथ ठाकुर (जदयू), शिवेश कुमार राम (भाजपा) और उपेंद्र कुशवाहा (रालोमो) ने अपना पर्चा भरा।
Also Read: जन समस्याओं के निस्तारण में शिथिलता अक्षम्य: सीएम योगी

