बिहार की सियासत में ’10 अप्रैल’ का इंतजार, अमित शाह की मौजूदगी में एनडीए की नई बिसात!

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीति ने आज एक बड़ा मोड़ ले लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए अपना पर्चा भर दिया है। इसके साथ ही अब यह तय हो गया है कि नीतीश कुमार जल्द ही बिहार की कमान किसी नए चेहरे को सौंपकर दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होंगे।

10 अप्रैल को होगा बड़ा फेरबदल

सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर यह है कि नीतीश कुमार फिलहाल तुरंत अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे। राज्यसभा सदस्यों का नया कार्यकाल 10 अप्रैल के बाद शुरू होना है। इसलिए नीतीश कुमार 10 अप्रैल तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहेंगे। बिहार में नई सरकार का गठन भी 10 अप्रैल के आसपास ही होगा। इसी दौरान नीतीश अपना इस्तीफा सौंपेंगे और नए मुख्यमंत्री के नाम का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।

अमित शाह ने की नीतीश की जमकर तारीफ

नामांकन के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश कर रहे हैं। 2005 से अब तक का उनका कार्यकाल बिहार के इतिहास में ‘स्वर्णिम पृष्ठ’ के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने राज्य से जंगलराज खत्म किया और विकास की नई इबारत लिखी। इतने लंबे समय तक पद पर रहने के बाद भी उन पर भ्रष्टाचार का एक दाग तक नहीं है।

विपक्ष ने साधा निशाना: “मानसिक टॉर्चर और लालच का खेल”

नीतीश कुमार के इस बड़े फैसले पर विपक्ष हमलावर है। नेताओं ने इसे ‘सम्मानजनक विदाई’ के बजाय ‘मजबूरी’ करार दिया है। जहां एक ओर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने नीतीश कुमार को मानसिक रूप से इतना टॉर्चर किया कि उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने नीतीश के प्रति ‘सहानुभूति’ भी जताई। दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि नीतीश को राज्यसभा भेजने के पीछे उनके बेटे निशांत को भविष्य में डिप्टी सीएम बनाने का लालच दिया गया है।

गिरिराज सिंह का बयान

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा जाना नीतीश जी का व्यक्तिगत फैसला है, लेकिन बिहार में जो भी सरकार बनेगी, वह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और नेतृत्व के संरक्षण में ही चलेगी।

Also Read: ‘सुसाइड की कोशिश की’, मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल ने शेयर किया लास्ट व्लॉग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.