नीतीश कुमार को बनाया जाए उपराष्ट्रपति, BJP विधायक की मांग से गरमाई बिहार की सियासत
Sandesh Wahak Digital Desk: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के हाल ही में दिए गए इस्तीफे के बाद, देश में नए उपराष्ट्रपति के नाम को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में अब बिहार से एक बड़ा राजनीतिक सुझाव सामने आया है। BJP विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने मांग की है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश का अगला उपराष्ट्रपति बनाया जाए। इस मांग ने ना सिर्फ बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है, बल्कि इसे आगामी बिहार विधानसभा चुनावों से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जो साल के अंत में प्रस्तावित हैं।
बीजेपी विधायक की खुली मांग
बिहार के वरिष्ठ बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने बुधवार को यह बयान दिया कि, “अगर नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाया जाता है, तो यह बिहार के लिए सम्मान की बात होगी। इससे बड़ी कोई बात नहीं हो सकती।” उन्होंने यह बयान बिहार विधानसभा सत्र में शामिल होने से पहले मीडिया से बातचीत में दिया। विधायक के इस बयान के साथ ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह बयान महज एक व्यक्तिगत राय है या इसके पीछे कोई बड़ी राजनीतिक रणनीति छिपी है?
नीतीश कुमार की चुप्पी बनी रहस्य
अब तक इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब उनके नाम को किसी शीर्ष संवैधानिक पद से जोड़ा गया हो। कुछ महीनों पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भी नीतीश कुमार को उप प्रधानमंत्री बनाने की मांग की थी। उस समय भी इस बयान के राजनीतिक निहितार्थ निकाले गए थे, लेकिन तब भी नीतीश कुमार ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की थी।
विधानसभा चुनाव की पृष्ठभूमि में उठा मामला
यह मांग ऐसे वक्त में आई है जब बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। बीजेपी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह आगामी चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगी। ऐसे में उपराष्ट्रपति पद की यह मांग कहीं ना कहीं राजनीतिक समीकरणों को फिर से परिभाषित कर सकती है।
नीतीश कुमार बिहार की राजनीति का एक प्रमुख चेहरा रहे हैं और कई बार ‘राजनीतिक प्रयोगधर्मिता’ के लिए भी चर्चित रहे हैं। ऐसे में उनके उपराष्ट्रपति बनने की अटकलें सिर्फ संवैधानिक नहीं, बल्कि रणनीतिक दृष्टिकोण से भी अहम मानी जा रही हैं।
धनखड़ के इस्तीफे के बाद सियासी उथल-पुथल
उल्लेखनीय है कि जगदीप धनखड़ ने सोमवार रात लगभग 9 बजे अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए यह फैसला लिया। अपने पत्र में उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी जताया। उनके इस अप्रत्याशित कदम के बाद ही नए उपराष्ट्रपति को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया। ऐसे में बिहार से उठी यह मांग इस चर्चा को और भी दिलचस्प बना रही है।
Also Read: राष्ट्रपति ने मंजूर किया जगदीप धनखड़ का इस्तीफा, अधिसूचना जारी होने की प्रक्रिया…

