नीतीश के राज्यसभा जाने की चर्चा पर भड़के कार्यकर्ता, सीएम आवास के बाहर भारी हंगामा
Sandesh Wahak Digital Desk: पटना में मुख्यमंत्री आवास के बाहर आज सुबह से ही गहमागहमी का माहौल है। जैसे ही यह खबर फैली कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं और मुख्यमंत्री का पद छोड़ सकते हैं, सैकड़ों की संख्या में जदयू कार्यकर्ता सीएम आवास के बाहर जमा हो गए। कार्यकर्ताओं की नाराजगी इतनी ज्यादा है कि सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन को मुख्यमंत्री आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा है।
विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने नीतीश कुमार के चेहरे पर वोट मांगा है और वे किसी और को मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार नहीं करेंगे। एक भावुक कार्यकर्ता ने कहा, हमने सड़कों पर लाठियां खाईं और गांव-गांव जाकर नीतीश के लिए समर्थन जुटाया। आज जब कुर्सी छोड़ने की बात हो रही है, तो हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। बिहार की जनता और खास तौर पर महिलाएं नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री देखना चाहती हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
हंगामे को देखते हुए सीएम आवास के मुख्य गेट पर घेराबंदी कर दी गई है। आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा कर्मियों को ‘हाई अलर्ट’ पर रखा गया है। प्रदर्शन के दौरान जदयू के कई बड़े नेता भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुँचे हैं, लेकिन बाहर कार्यकर्ताओं की नारेबाजी लगातार जारी है।
दरअसल, राज्यसभा की खाली सीटों के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन है। एनडीए के अन्य दलों (भाजपा और रालोमो) ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, लेकिन जदयू की ओर से अभी सस्पेंस बना हुआ है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि यदि नीतीश कुमार केंद्र की राजनीति में जाते हैं, तो बिहार में सत्ता का नया समीकरण बनेगा। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश के इस्तीफा देने की स्थिति में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते भाजपा मुख्यमंत्री पद पर दावा कर सकती है, जबकि उपमुख्यमंत्री का पद जदयू के खाते में जा सकता है।
Also Read: Greater Noida News: होली के जश्न के बीच सोसायटी गार्ड्स ने निवासियों पर चलाईं लाठियां, वायरल वीडियो

