Bihar Politics: तेज प्रताप यादव ने पहली बार बताए पांच जयचंदों के नाम, बोले- मुझे फंसाने की हो रही साजिश
Sandesh Wahak Digital Desk: राजद नेता तेजप्रताप यादव ने अपनी कथित ‘बेटी’ और अनुष्का यादव के साथ रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया है। सोमवार एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजप्रताप भावुक नजर आए और उन्होंने अपनी ही पार्टी के सहयोगियों पर उन्हें मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
मांझी की बधाई और वायरल फोटो
पूरा मामला तब गरमाया जब केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने सोशल मीडिया पर तेजप्रताप यादव को ‘बेटी’ के जन्म की बधाई दे दी। इसके साथ ही अनुष्का यादव नामक महिला के साथ तेजप्रताप की कुछ तस्वीरें वायरल हुईं। चर्चा यह थी कि अनुष्का ने तेजप्रताप के बच्चे को जन्म दिया है।
तेजप्रताप ने स्पष्ट किया कि अनुष्का यादव के साथ उनका कोई व्यक्तिगत रिश्ता नहीं है और बेटी होने की खबर पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने आरोप लगाया कि साजिशकर्ताओं ने उनका अकाउंट हैक कर तस्वीरें वायरल कीं ताकि उनकी छवि धूमिल की जा सके।
तेजप्रताप ने पहली बार खुलकर उन नामों का जिक्र किया जिन्हें वे ‘जयचंद’ कहते हैं। उन्होंने मुकेश रोशन, संजय यादव, शक्ति सिंह यादव, सुनील सिंह, रमीज और आकाश भाटी पर साजिश रचने का आरोप लगाया। तेजप्रताप ने कहा कि इन अफवाहों ने उन्हें इतना तोड़ दिया कि वे डिप्रेशन में चले गए और उनके मन में आत्महत्या तक के विचार आए। तेजप्रताप ने दावा किया कि वे जानते हैं कि उस बच्चे का असली पिता कौन है, लेकिन उन्हें बेवजह इस विवाद में घसीटा जा रहा है।
राजनीतिक सक्रियता से घबराहट?
तेजप्रताप का मानना है कि मकर संक्रांति पर उनके द्वारा आयोजित भव्य भोज और उनकी नई राजनीतिक सक्रियता (संभावित नई पार्टी की चर्चा) से उनके विरोधी घबरा गए हैं। उन्होंने अपनी तुलना पिता लालू यादव से करते हुए कहा कि जैसे उन्हें फंसाया गया, वैसे ही मुझे भी निशाना बनाया जा रहा है।
Also Read: तरनतारन: क्लासरूम में छात्रा को सिर में मारी गोली, फिर खुद को भी छात्र ने उड़ाया

