UP के बाद क्राइम में दूसरे नंबर पर बिहार, तेजस्वी यादव ने साधा निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि यह उनका खुद का निर्णय है।
निशांत कुमार के बयान पर दी प्रतिक्रिया
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार के बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी दावे का सही आकलन आंकड़ों के आधार पर होना चाहिए। उनके मुताबिक 2005 से 2025 के बीच बिहार में अपराध दर में लगातार वृद्धि हुई है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में आज अपराध संगठित तरीके से हो रहा है, जो पहले इस स्तर पर नहीं होता था। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों को देखना जरूरी है। उनके अनुसार अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश के बाद बिहार दूसरे स्थान पर है, जो राज्य के लिए चिंता का विषय है।
विधानसभा में भी उठा चुके हैं मुद्दा
यहां उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे बिहार विधानसभा में भी आंकड़े पेश कर चुके हैं। उनका कहना था कि प्रदेश में गुंडागर्दी और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में कोई मॉडल काम नहीं करने वाला है। उन्होंने कहा कि जनता इस सरकार से त्रस्त हो चुकी है और लोग बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ते अपराध से परेशान हैं।
किसानों की हालत पर भी जताई चिंता
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि हाल ही में ओलावृष्टि और बारिश से किसान बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इसके बावजूद अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर जल्द से जल्द किसानों को राहत देने की मांग की है।
Also Read: लखनऊ में धरे गए मुंबई के ड्रग माफिया, नेपाल भागने की फिराक में थे तस्कर

