रणजी ट्रॉफी फाइनल में बिहार का जलवा, 568 रन से दर्ज की रिकॉर्डतोड़ जीत

Sandesh Wahak Digital Desk: रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप 2025-26 का फाइनल मुकाबला बिहार और मणिपुर के बीच पटना स्थित मोइन-उल-हक स्टेडियम में खेला गया, जहां बिहार ने मणिपुर को 568 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

यह प्लेट ग्रुप के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। इस शानदार सफलता के साथ बिहार की टीम ने प्लेट ग्रुप से निकलकर एक बार फिर एलीट ग्रुप में जगह बना ली है और अगले रणजी सीजन में एलीट ग्रुप में खेलती नजर आएगी।

मैच का पूरा हाल

फाइनल मुकाबले की पहली पारी में बिहार ने 522 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में मणिपुर की टीम 264 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में बिहार ने 119.3 ओवर में 6 विकेट पर 505 रन बनाकर पारी घोषित की।

इस दौरान पीयूष कुमार सिंह ने नाबाद 216 रन की शानदार दोहरी शतकीय पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मणिपुर की टीम दूसरी पारी में भी संघर्ष करती नजर आई और 195 रन पर ऑलआउट हो गई।

दोनों पारियों को मिलाकर बिहार ने कुल 1,027 रन बनाए, जबकि मणिपुर 459 रन ही जुटा सकी।

इन खिलाड़ियों ने दिलाई ऐतिहासिक जीत

बिहार की इस रिकॉर्डतोड़ जीत में कई खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा।

  • पीयूष कुमार सिंह ने फाइनल में नाबाद 216 रन की यादगार पारी खेलकर जीत की नींव रखी।

  • आयुष लोहारूका पूरे सीजन बिहार के सबसे सफल बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 6 मैचों में 540 रन बनाए, जिसमें 226 रन का सर्वोच्च स्कोर शामिल है।

  • बिपिन सौरभ ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 14 छक्कों के साथ प्लेट ग्रुप में सबसे ज्यादा छक्के जड़े।

  • कप्तान साकिबुल गनी ने 6 मैचों में 329 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे।

  • सूरज कश्यप ने अपने डेब्यू रणजी सीजन में ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 247 रन बनाने के साथ 8 विकेट भी झटके।

  • हिमांशु सिंह गेंदबाजी में सबसे प्रभावशाली रहे और 6 मुकाबलों में 15 विकेट अपने नाम किए।

बिहार की यह जीत न सिर्फ टीम के लिए ऐतिहासिक रही, बल्कि राज्य के क्रिकेट के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अब एलीट ग्रुप में वापसी के साथ बिहार से आने वाले सीजन में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Also Read: अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से हटता है तो ICC किसे देगी मौका? जानिए पूरा अपडेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.