बिहार के प्रसिद्ध थावे मंदिर से माता का करीब आधा किलो सोने का मुकुट चोरी, CCTV में कैद हुए चोर

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के गोपालगंज से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने लाखों श्रद्धालुओं की आस्था को झकझोर कर रख दिया है। जिले के ऐतिहासिक और सुप्रसिद्ध थावे भवानी मंदिर में चोरों ने माता की प्रतिमा पर सुशोभित करीब 500 ग्राम (आधा किलो) सोने का मुकुट चोरी कर लिया है। भारी सुरक्षा और हर समय श्रद्धालुओं की भीड़ वाले इस प्रमुख सिद्धपीठ में हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन की चौकसी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह चौंकाने वाली घटना गुरुवार तड़के हुई। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग मंदिर से सोने का मुकुट लेकर भागते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने मंदिर के गर्भगृह तक पहुँचकर इस वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जांच के लिए SIT का गठन

थावे मंदिर बिहार के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक है, इसलिए पुलिस इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। गोपालगंज पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Also Read: बलरामपुर: जेल से छूटते ही फिर हैवान बना अनीस, नाबालिग को डरा-धमकाकर किया गर्भवती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.